मित्तल हॉस्पिटल में हुई जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न
अजमेर, 28 फरवरी()। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के अधीन कार्यरत कर्मचारी राज्य बीमा निगम की अजमेर शाखा प्रबंधक श्रीमती संदीपा वोरा ने मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के कार्मिकों का आह्वान किया कि वे ईएसआईसी में देय हितलाभ का पूरा फायदा उठाएं। उन्होंने कार्मिकों को ईएसआईसी की अंशदायी शर्तें और हितलाभ के बारे में बहुत ही सहज और सरल भाषा में बतलाते हुए प्रत्येक कार्मिक को डिजिटल रूप से अपडेट रहने की जरूरत दर्शाई। उन्होंने ईएसआईसी एप एएए की विस्तृत जानकारी दी।
श्रीमती संदीपा वोरा बुधवार को मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सभागार में जागरूकता कार्यशाला को संबोधित कर रहीं थी। कार्यशाला में हॉस्पिटल के नर्सिंग, हाउसकीपिंग और मंत्रालयिक कार्मिकों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर बहुत से कार्मिंकों के आधार अपडेट भी कराए गए।
कार्यक्रम के शुरूआत में मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अजमेर के सीनियर प्रशासनिक प्रबंधक शाजी टी आर ने ईएसआईसी शाखा प्रबंधक श्रीमती संदीपा वोरा का बुके भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर सहायक प्रबंधक प्रशासनिक विभाग अनिल जैन, जूनियर आफिसर ममता गोयल, हाउसकीपिंग इंचार्ज हेमराज महावर सहित हॉस्पिटल कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रीमती संदीपा ने कार्मिकों को कहा कि कई बार कार्मिक जानकारी के अभाव में ईएसआईसी का हितलाभ नहीं उठा पाते जबकि वे अपने सेवाकाल में ईएसआईसी में अंशदान करते हैं। उन्होंने सरकार की ओर से बीमित कार्मिकों एवं उनके आश्रितों के लिए विभिन्न योजनाओं में देय हितलाभ से संबंधित परचे भी कार्मिकों को उपलब्ध कराए।