कचहरी रोड पर सड़क की समस्या पर भड़के देवनानी, अफसरों को दी चेतावनी

अजमेर, 01 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कचहरी रोड पर सड़क खुदे होने और नाला निर्माण का कार्य धीमी गति से चलने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अफसरों के खिलाफ कार्यवाही करने एवं ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अफसर अजमेर की जनता को हल्के में नहीं ले। नाला निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ठेकेदार ब्लैक लिस्टेड होगा।
अजमेर के कचहरी रोड पर नाले निर्माण की धीमी गति के कारण हो रही परेशानी को लेकर राजस्थान विधानसभाध्यक्ष और अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कचहरी रोड का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को चेतावनी देते हुए अजमेर की जनता को हल्के में नहीं लेने की चेतावनी दी। उन्होंने जयपुर में उच्च अधिकारियों से बात कर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कराने और ऐसा बर्दाश्त नहीं करने की बात भी कही।
श्री देवनानी बुधवार को कचहरी रोड पहुंचे और व्यापारियों से बात की। व्यापारियों ने बताया कि समय पर नाला निर्माण नहीं होने से परेशानी दिनों-दिन बढ़ रही है। पहले एलीवेटेड रोड के कारण परेशानी रही और अब नाले के कारण। लगातार धूल-मिट्टी उड़ने से दुकानदार, क्षेत्रवासी और कचहरी रोड से निकलने वाले आम लोग परेशान हैं। यहां जाम के हालात सुबह से शाम तक देखे जा सकते हैं। ग्राहकी चौपट हो गई है। नालों की गंदगी के ढेर सड़क पर खुले में पड़े हैं। धूप से गंदगी सूख गई है और हवा के साथ उड़कर यह दुकानों में आ रही है। इसके बाद देवनानी ने अधिकारियों से बात की और काम को समय पर पूरा करने की हिदायत दी।
देवनानी ने बताया कि एलिवेटेड रोड बन रही थी। इसके साथ ही नाला बनाने का प्रोविजन है। रोड बन गई और ट्रेफिक चालू हो गया लेकिन इनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। जब सरकार बनी तो जिला प्रशासन ने निर्देश दिए। इसके बाद काम शुरू किया लेकिन पिछले 03 महीने में केवल सवा सौ मीटर निर्माण हुआ है। पिछले सात दिन में केवल 50 मीटर नाला खोदा गया। आम जनता परेशान हो रही है और व्यापारियों का काम भी ठप है। इस बारे में उच्च अधिकारियों से जयपुर बात करेंगे और अगर ठेकेदार की सुस्ती है तो ब्लैक लिस्टेड कराने की कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान शासन में यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।

error: Content is protected !!