राज किसान साथी पोर्टल पर होगा ऑनलाईन आवेदन
अजमेर, 9 जनवरी। कृषि विभाग राज्य योजना में कृषि शिक्षा में अध्ययनरत छात्राओं के प्रोत्साहन राशि के आवेदन राज किसान साथी पोर्टल पर 31 जनवरी तक करने होंगे।
कृषि विषय लेकर सीनियर सैकण्डरी में अध्ययनरत छात्राओं को राशि रूपये 15 हजार रूपये प्रतिवर्ष की दर से 11 वीं एवं 12 वीं कक्षा के लिए देय है। इसी प्रकार कृषि स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा में अध्ययनरत छात्राओं को 25 हजार रूपये राशि प्रतिवर्ष तथा कृषि विषय में पीएचडी में अध्ययनरत छात्राओं को 40 हजार रूपये प्रतिवर्ष देय है।
योजना में ऑनलाइन आवेदन की अन्तिम तिथि 31 जनवरी है। पोर्टल पर छात्राओं को अपनी पिछली कक्षा की अंक मार्कशीट एवं राजस्थान के मूल निवासी होने का प्रमाण-पत्र अपलोड करना होगा। छात्राओं द्वारा कक्षा में अध्ययन का सही वर्ष ही अंकन किया जाए। छात्रा के नियमित अध्ययन का संस्था की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
संस्था प्रधान को देना होगा ऑनलाइन प्रमाण पत्र
राज किसान साथी पोर्टल पर जनाधार के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करने के पश्चात स्कूल एवं महाविद्यालय को छात्रा के फार्म का भौतिक सत्यापन करना होगा। इस फार्म को संयुक्त निदेशक कृषि को भेजा जाएगा। इस बीच संस्था प्रधान को यह प्रमाण-पत्र देना होगा कि यह छात्रा किस कक्षा में अध्ययनरत है। छात्रा की ओर से इसी कक्षा में पुनः प्रवेश नहीं लिया है। साथ ही छात्रा अनुत्तीर्ण भी नहीं हुई है। इस आशय का प्रमाण-पत्र संस्था की ओर से ऑनलाइन जारी करना होगा। इस योजना के लिए संस्था प्रधान को 31 मार्च से पूर्व छात्राओं का ई-साईन प्रमाण भेजना अनिवार्य है।