अजमेर, 12 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती-2024 के अंतर्गत शुद्धि पत्र जारी किया गया है।
आयोग सचिव ने बताया कि 8 विषयों हेतु वरिष्ठ अध्यापक के 2129 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन संख्या 22/2024-25 दिनांक 11 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था। उक्त पदों हेतु विभाग से प्राप्त विषयवार वर्गवार वर्गीकरण के संबंध में शुद्धि पत्र संख्या 15/2025-26 जारी किया गया है। अभ्यर्थी इसका अवलोकन आयोग की वेब-साईट पर कर सकते हैं।
……….
*आरपीएससीः- लेक्चरर (आयुष विभाग) भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न*
*7 वर्ष बाद पुनः हुई ऑनलाइन परीक्षा की शुरूआत*
अजमेर, 12 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सोमवार को लेक्चरर (आयुष विभाग) परीक्षा-2025 का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। वर्ष 2018 के बाद पहली बार आयोग द्वारा आयोजित इस कम्प्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट यानी ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन अजमेर जिला मुख्यालय के तीन केंद्रों पर दोपहर 12 से 2.30 बजे तक किया गया। परीक्षा के लिए कुल 595 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 231 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। कुल उपस्थिति 38.82 प्रतिशत दर्ज की गई।
_*सचिव ने केंद्रों पर लिया जायजा*_
आयोग के सचिव श्री रामनिवास मेहता एवं संयुक्त सचिव सुश्री ऋषिबाला श्रीमाली ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा के सुगम संचालन और कड़ी निगरानी के लिए आयोग के अधिकारियों की विशेष टीमें प्रत्येक केंद्र पर पृथक से तैनात रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया गया।
*_विषयवार उपस्थिति विवरण*_
अगद तंत्र:- 54 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 26 उपस्थित रहे (48.15 प्रतिशत)।
कौमारभृत्य:- 59 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 30 उपस्थित रहे (50.85 प्रतिशत )।
कायचिकित्सा:- 56 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 21 उपस्थित रहे (37.50 प्रतिशत )।
पंचकर्म:- 121 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 28 उपस्थित रहे (23.14 प्रतिशत )।
प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग:- 84 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 32 उपस्थित रहे (38.10 प्रतिशत )।
संहिता (मौलिक सिद्धांत):- 75 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 35 उपस्थित रहे (46.67 प्रतिशत )।
शालाक्य तंत्र:- 53 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 20 उपस्थित रहे (37.74 प्रतिशत )।
स्वस्थवृत्त:- 93 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 39 उपस्थित रहे (41.94 प्रतिशत )।
_*मॉक टेस्ट से मिला अभ्यर्थियों को लाभ*_
लंबे समय बाद आयोजित हो रही इस सीबीआरटी परीक्षा के लिए आयोग ने अभ्यर्थियों को पहले ही पूर्वाभ्यास का अवसर दिया था, ताकि आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉक टेस्ट की मदद से अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा पद्धति से अभ्यस्त हो सके।
_*अगली ऑनलाइन परीक्षा 1 फरवरी को*_
इसी क्रम में सहायक विद्युत निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन भी ऑनलाइन माध्यम से 1 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इसके लिए भी मॉक टेस्ट की सुविधा आयोग की वेबसाइट के कैंडिडेट इंफॉर्मेशन सेक्शन में उपलब्ध है।
………….
*आरएएस भर्ती-2024: चतुर्थ चरण के साक्षात्कार 19 जनवरी से, आयोग ने जारी किए एडमिट कार्ड*
अजमेर, 12 जनवरी | राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2024 के पदों हेतु साक्षात्कार कार्यक्रम के चतुर्थ चरण की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग द्वारा यह साक्षात्कार आगामी 19 जनवरी से शुरू होकर 29 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
*वेबसाइट से डाउनलोड करें इंटरव्यू लेटर*
आयोग के उप सचिव श्री जितेंद्र कुमार उदय ने बताया कि साक्षात्कार के चतुर्थ चरण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लेटर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपने साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। साक्षात्कार पत्र पृथक से ऑफलाइन माध्यम द्वारा नहीं भेजे जाएंगे।
साक्षात्कार में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने होंगे:
ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र, अटेस्टेशन फॉर्म एवं सेवा प्राथमिकता क्रम की दो प्रतियां।सभी मूल दस्तावेज एवं उनकी एक-एक स्वहस्ताक्षरित फोटोकॉपी।
ऑफलाइन विस्तृत आवेदन पत्र तथा सेवा प्राथमिकता क्रम स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थी दस्तावेजों के संबंध में आयोग द्वारा पूर्व में 24 नवंबर 2025 को जारी किए गए दिशा-निर्देशों का भी अवलोकन कर लें।