
अजमेर 21 जनवरी / कांग्रेस कमेटी अजमेर उत्तर ब्लॉक बी के ब्लॉक अध्यक्ष व अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बी एल ए – 1 पूर्व पार्षद शैलेंद्र अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि निर्वाचन नियमों को दरकिनार कर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। शैलेंद्र अग्रवाल के अनुसार 4000 से अधिक प्रपत्र-7 अजमेर उत्तर के निर्वाचन अधिकारी द्वारा बीजेपी के अधिकृत बीएलए से प्राप्त कर उन्हें सभी बीएलओ को प्रेषित कर दिया गया, जो कि स्पष्ट रूप से नियमों के विपरीत है।
अग्रवाल का दावा है कि इसके अलावा 10,000 से अधिक प्रपत्र-7 ऑफलाइन सीधे बीजेपी के इशारे पर निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों द्वारा लिए गए हैं जिनमें बिना किसी वैध दस्तावेज के पात्र मतदाताओं को अनुपस्थित अथवा स्थानांतरित दर्शाया जा रहा है जो लोकतंत्र की भावना पर सीधा हमला है, इन प्रपत्रों को संबंधित बीएलओ को भेजकर एससी, एसटी, मुस्लिम और कांग्रेस समर्थित अन्य मतदाताओं को निशाना बनाते हुए उनके नामों पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कर हटाने की कोशिश की जा रही है । शैलेंद्र अग्रवाल का कहना है कि जहां निर्वाचन विभाग को निष्पक्ष रहकर प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए थी, वहीं अधिकारी आंखें बंद कर एक ही व्यक्ति से सैकड़ों की संख्या में आपत्ति फॉर्म स्वीकार कर रहे हैं ।
शैलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि एस आइ आर के बाद 16 दिसंबर तक SIR का कार्य सुचारु रूप से चला तथा उस दिन जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में अजमेर उत्तर के 28869 मतदाताओं व अजमेर दक्षिण के 33333 मतदाताओं को ASD यानि अनुपस्थित, स्थाई रूप से स्थानांतरित और मृत्यु की श्रेणी में माना गया था उसके बाद 15 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गयी थी l तथा बिना किसी कारण भाजपा के इशारे पर निर्वाचन आयोग ने इस प्रक्रिया में 4 दिन बढ़ाकर आपत्ति दर्ज कराने की आवधि 19 जनवरी कर दी l
अग्रवाल ने यह भी आरोप लगाया कि नियमानुसार इलेक्ट्रोल मेन्युअल 2023 के पैरा संख्या 11.3.2 के अनुसार बल्क आवेदन प्रस्तुत नही किये जा सकते हैं l व्यक्तिगत मतदाता केवल एक ही फॉर्म (दावा अथवा आपत्ति हेतु) प्रस्तुत कर सकता है जबकि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बी एल ए – 2 प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा करा सकते हैं तथा प्रपत्र-7 के साथ शपथ पत्र (एफिडेविट) अनिवार्य है और एक बी एल ए द्वारा 10 से अधिक आपत्तियां देना कानूनन निषिद्ध है। इसके बावजूद निर्वाचन विभाग के अधिकारीयों ने शिकायत कर्ता के बिना हस्ताक्षर, बिना नाम-पता और बिना मोबाइल नंबर के प्रपत्र-7 स्वीकार किये हैं । अग्रवाल ने बताया कि भाजपा द्वारा प्रिंटेड प्रपत्र – 7 जमा कराये गये हैं, उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी भारी संख्या में प्रपत्रों की प्रिंटिंग कहां हुई और किसके निर्देश पर कराई गई, इसकी भी स्वतंत्र जांच आवश्यक है ।
शैलेंद्र अग्रवाल ने SIR प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं l अग्रवाल ने आरोप लगाया कि शाहजहां बीवी, पार्षद वार्ड संख्या 12 के नाम पर ही आपत्ति दर्ज कर दी गई। साथ ही उनके वार्ड में हर बूथ पर करीब 250 से 300 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जो कि बाहरी लोगों द्वारा लगाए जाने का आरोप है । शैलेंद्र अग्रवाल ने इसे सुनियोजित तरीके से मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिश बताया । शैलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि बूथ संख्या 162 में कांग्रेस बी एल ए मेहराजुद्दीन खान और उनके परिवार सहित अन्य कई परिवारों के विरुद्ध एक ही व्यक्ति द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गईं। संबंधित व्यक्ति ने बयान दिया है कि उसकी जानकारी के बिना आपत्ति फार्म पर हस्ताक्षर कराए गए। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जो SIR प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
शैलेंद्र अग्रवाल का कहना है कि नियमानुसार आपत्तियों पर 7 दिनों के भीतर निर्णय लिया जाना चाहिए, लेकिन कई मामलों में यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि निर्णय किस तारीख से किस तारीख के बीच लिया गया और प्रभावित मतदाताओं को न तो समुचित सूचना दी गई और न ही सुनवाई का अवसर
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर फर्जी आपत्तियों, डुप्लीकेशन और मनमानी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।
शैलेंद्र अग्रवाल ने मांग की है कि
सभी संदिग्ध और फर्जी प्रपत्र-7 की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए
नियमों के विपरीत दर्ज की गई सभी आपत्तियों को तत्काल निरस्त किया जाए
जिन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, उन्हें तुरंत सूची में पुनः जोड़ा जाए
SIR प्रक्रिया को पूरी तरह कानून और नियमों के अनुरूप संचालित किया जाए
शैलेंद्र अग्रवाल ने चेतावनी दी है कि यदि मतदाताओं के अधिकारों के साथ यह छेड़छाड़ नहीं रुकी, तो पार्टी सड़क से लेकर न्यायिक मंच तक संघर्ष करेगी।
शैलेंद्र अग्रवाल, पूर्व पार्षद
बी एल ए प्रथम अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस पार्टी
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष
अजमेर उत्तर ब्लॉक बी
9414280962,7891884488