*वाग्मिता में विश्वविद्यालय में पाया दूसरा स्थान प्राप्त करते हुए ट्रॉफी जीती*
*संगीत स्पर्धा में विश्वविद्यालय मैं ओवरऑल चौथा स्थान प्राप्त किया*
अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के सांस्कृतिक दल ने आनंद (गुजरात) में 11 से 15 फरवरी तक आयोजित पश्चिमांचल युवा महोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगीत, साहित्य, नाट्य कला, ललित कला तथा नृत्य से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।विश्वविद्यालय के साहित्य समूह की वाग्मिता प्रतियोगिता में छात्रा परी कोठारी ने पश्चिम क्षेत्र स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। महोत्सव में समग्र प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय को म्यूजिकल चैंपियनशिप में चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने क्लासिकल वोकल सोलो एवं कार्टूनिंग में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। क्लासिकल इंस्ट्रूमेंटल (नॉन-परकशन) सोलो, भारतीय समूह गीत, लोक ऑर्केस्ट्रा, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग में पांचवा स्थान अर्जित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की सृजनात्मक एवं सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाती है तथा आने वाले समय में वे राष्ट्रीय स्तर पर और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
सांस्कृतिक दल के साथ विश्वविद्यालय से टीम मैनेजर के रूप में सुरेंद्र कुमावत एवं डॉ स्वतंत्र शर्मा गए थे एवं सोफिया कॉलेज से डॉ कोमल भसीन भी महिला मैनेजर के रूप में गई थी।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चंद्र ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजनों में सहभागिता से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
विश्वविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों को उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई दी है।