अजमेर, 23 फरवरी 2026
राजस्थान महिला कल्याण मंडल चाचियावास अजमेर द्वारा आजीविका संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत अरड़का में एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता डाला बाई महिला समूह की सचिव लक्ष्मी ने की। कार्यक्रम संस्था निदेशक राकेश कुमार कौशिक के निर्देशन में संपन्न हुआ।
आजीविका समन्वयक सोनू ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में लगभग 26 महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कृष्णा महिला समूह, डाला बाई महिला समूह, सुगना महिला समूह की सदस्यों सहित गांव की अन्य महिलाओं की उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को वित्तीय सेवाओं, आय उत्पादक गतिविधियों तथा विभिन्न आजीविका अवसरों की जानकारी दी गई।
एसएचजी कोर्डिनेटर सज्जन सिंह ने बताया कि महिलाओं को छोटी-छोटी बचत के माध्यम से लेन-देन एवं लेखा-जोखा प्रबंधन सिखाया जा रहा है, जिससे वे बैंकिंग प्रणाली से जुड़ सकें। आगे चलकर उन्हें बैंक ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों के संचालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मासिक बैठकों के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय साक्षरता से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना एवं श्रमिक कार्ड योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही पेंशन सत्यापन, जन्म प्रमाण पत्र, जनआधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाने तथा सरकार द्वारा आयोजित जनसुनवाई में भागीदारी के लिए महिलाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सोनू एवं एसएचजी कोऑर्डिनेटर सज्जन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा सामूहिक मंच के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना है।
(राकेश कुमार कौशिक)
निदेशक
मो. 9829140992