समानता, न्याय और सशक्तिकरण पर केंद्रित विचारों का होगा राष्ट्रीय मंथन
अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर शोधपीठ द्वारा 15 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठी का मुख्य विषय है—
“अंबेडकर दृष्टि: समता से सामर्थ्य”
यह संगोष्ठी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, सिद्धांतों एवं उनके सामाजिक न्याय, समानता एवं सशक्तिकरण के दृष्टिकोण पर केंद्रित होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता पर व्यापक चर्चा करना तथा युवाओं एवं शिक्षाविदों को उनके आदर्शों से प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार की माननीय मंत्री डॉ. मंजू बाघमार उपस्थित रहेंगी। मुख्य वक्ता के रूप में प्रख्यात विचारक एवं प्रमुख विद्वान माननीय श्री जसवंत खत्री अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे। यह संगोष्ठी 15 अप्रैल 2026 (बुधवार) प्रातः 11:00 बजे स्वराज सभागार, बृहस्पति भवन में आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री कैलाश चन्द्र शर्मा एवं कार्यक्रम निदेशक प्रो. शिव प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित इस संगोष्ठी में शिक्षाविद, शोधार्थी एवं विद्यार्थी भाग लेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।