जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित

अजमेर, 27 मई। जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर श्री लोकबंधु की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने जन परिवेदनाओं को गंभीरता से लेते हुए माननीय मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं जन अभियोगों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए तथा जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जनसुनवाई की प्रभावशीलता आवश्यक है।

जिला कलक्टर ने सभी विषयों पर विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट ली तथा समाधान की समयसीमा निर्धारित की। उन्होंने निर्देश दिए कि जन अभियोगों की शिकायतों का समाधान करने के पश्चात संबंधित परिवादी को सूचित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सतर्कता एवं जन जवाबदेही राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए प्राप्त परिवादों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्यवाही कर आमजन को राहत प्रदान की जाना सुनिश्चित करें।

विधायक श्रीमती भदेल ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए तथा अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रकरणों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला कलक्टर ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों के निस्तारण में उच्च अधिकारी स्वयं ध्यान देकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु, प्रशिक्षु आईएएस श्री अरनव आनंद गुप्ता ,  उपखंड अधिकारी श्रीमती पदमा चौधरी , नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!