महाप्रबंधक ने अजमेर ग्रुप ऑफ वर्कशॉप का किया निरीक्षण, नव विकसित सुविधाओं का उद्घाटन

उत्तर पश्चिम रेलवे के  महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने दिनांक 16 जून 2026 को अजमेर ग्रुप ऑफ वर्कशॉप का व्यापक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने नव स्थापित डीईएमयू/एमईएमयू शेड का उदघाटन किया तथा लोको उत्पादन कार्यालय के नवनिर्मित आधुनिक कार्यालय, मॉड्यूलर फर्नीचर एवं अत्याधुनिक वर्कस्टेशन का भी उद्घाटन किया। उन्होंने इन नई सुविधाओं को कार्य संस्कृति, दक्षता एवं कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने लोको एवं कैरिज कारखाने का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कैरिज कारखाने में संचालित वंदे भारत रेक के कोचों की आवधिक मरम्मत हेतु शॉप शेड्यूल–II में किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की तथा भविष्य की आवश्यकताओं एवं संभावित चुनौतियों को दृष्टिगत रखते हुए आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधिकारियों ने उप महाप्रबंधक को बीवीज़ेडआई (BVZI) वैगनों के उन्नयन (Upgradation) के कार्यों तथा बीटीपीजीएलएन (BTPGLN) वैगनों के पीओएच शेड के विस्तार की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने इन परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इनके पूर्ण होने से कारखाने की उत्पादन एवं अनुरक्षण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा भविष्य की परिचालन आवश्यकताओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने महाप्रबंधक को अवगत कराया कि कैरिज कारखाना, अजमेर में वंदे भारत कोचों के शॉप शेड्यूल कार्य को भारतीय रेल के सर्वश्रेष्ठ एवं न्यूनतम समय में पूर्ण करने वाले अग्रणी कारखानों में विकसित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
अपने दौरे के दौरान  महाप्रबंधक ने मान्यता प्राप्त रेलवे श्रमिक संगठनों एवं अजा/अजजा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ शिष्टाचार बैठक भी की। बैठक में विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के हितों एवं कार्यस्थल से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं मांगों के ज्ञापन प्रस्तुत किए। महाप्रबंधक ने सभी ज्ञापनों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान श्री नीरज जैन, मुख्य तकनीकी अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे, श्री विकास आनंद, मुख्य कारखाना प्रबंधक, अजमेर, डॉ. अरविंद कुमार, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/कारखाना, श्री विकास अग्रवाल, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता/कैरिज, श्री अशोक कुमार, उप मुख्य विद्युत अभियंता/कारखाना, श्री विश्वेन्द्र हुड्डा, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता/लोको सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे गुणवत्ता सुधार, आधुनिकीकरण तथा क्षमता विस्तार संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए सुरक्षा, गुणवत्ता, नवाचार एवं समयबद्ध निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अजमेर ग्रुप ऑफ वर्कशॉप भारतीय रेल में उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार एवं उत्पादन क्षमता के नए मानदंड स्थापित करेगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!