कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण

क्षेत्रवासियों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर आधुनिक जांच सुविधास्वास्थ्य सेवाएं होंगी और सशक्त- देवनानी

     अजमेर, 16 जून। आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजकीय सैटेलाइट अस्पताल कोटड़ा में नवीन सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण मंगलवार को आयोजित समारोह में किया गया। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में मशीन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की नई सौगात प्रदान की।

     इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन की स्थापना से क्षेत्र के हजारों मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा उन्हें जांच के लिए अन्य अस्पतालों या निजी संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

     उन्होंने कहा कि अब गर्भवती महिलाओं सहित विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही अत्याधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी बल्कि रोगों के शीघ्र एवं सटीक निदान में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा कर्मियों से आमजन के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने का आह्वान किया।

     कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक डॉ. संपत सिंह जोधा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से युक्त यह सोनोग्राफी मशीन मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इसके माध्यम से विभिन्न रोगों की जांच अधिक सटीकता और दक्षता के साथ की जा सकेगी। विशेष रूप से महिलाओं एवं गर्भवती माताओं को इस सुविधा का व्यापक लाभ मिलेगा, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती प्राप्त होगी।

     मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा ने बताया कि अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण जांच सेवाएं उनके निकट उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों की परेशानी कम होगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर विस्तार और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

     इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय महावर, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!