अजमेर, 2 जुलाई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा पशु चिकित्सा अधिकारी (पशुपालन विभाग) भर्ती-2025 के तहत जारी विचारित सूची में सम्मिलित उन अभ्यर्थियों को ऑनलाइन विस्तृत आवेदन पत्र भरने का एक अंतिम अवसर दिया है, जिनके द्वारा प्रदत अवसरों के दौरान इसे नहीं भरा गया था। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए आयोग द्वारा 3 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक पुनः ऑनलाइन लिंक खोला जा रहा है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।आयोग के वरिष्ठ उप सचिव प्रकाश चंद ओझा ने बताया कि इस भर्ती परीक्षा के अंतर्गत 16 जून 2026 को पात्रता जाँच के लिए 2165 अभ्यर्थियों की प्रोविजनल सूची जारी की गई थी। इसके अलावा, माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय में कतिपय याचिकाएं विचाराधीन होने के कारण कुछ अभ्यर्थियों का परिणाम सील्ड कवर में रखा गया है। इन सभी से 23 जून से 29 जून तक ऑनलाइन विस्तृत आवेदन मांगे गए थे। इस निर्धारित अवधि में प्रोविजनल सूची के 134 अभ्यर्थियों और सील्ड कवर वाले 15 अभ्यर्थियों (कुल 149) ने अपना विस्तृत आवेदन पत्र नहीं भरा है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन पर विचार नहीं होगा। यदि कोई अभ्यर्थी इस अंतिम अवसर (5 जुलाई) तक भी अपना विस्तृत ऑनलाइन आवेदन नहीं भरता है, तो उसे अपात्र मानते हुए परिणाम/ चयन प्रक्रिया से वंचित कर दिया जाएगा एवं इस संबंध में अन्य कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।