फॉलो अप कैम्प होंगे 31 अगस्त तक
अजमेर, 20 जुलाई। ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की निरन्तरता में फॉलो अप शिविरों का आयोजन 21 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जन कल्याण की विभिन्न योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने तथा जनसमस्या समाधान के लिए 12 जून से 15 जुलाई तक जन कल्याण शिविर के अन्तर्गत ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया था। इसमें राजस्व विभाग एवं नगरीय विकास विभाग के अतिरिक्त 21 विभागों द्वारा भाग लिया गया। ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की निरन्तरता में 21 जुलाई से 31 अगस्त तक फॉलो-अप शिविर आयोजित किए जाएगें। इसमें मुख्य अभियान में सम्मिलित समस्त विभागों द्वारा आमजन के कार्यों का संपादन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास होना चाहिए कि शिविर में आए प्रत्येक व्यक्ति का काम उसी दिन पूर्ण किया जाए। शिविर का समय प्रातः 10 से सांय 5 बजे अथवा कार्य समाप्ति तक रहेगा। शिविर में अभियान से सम्बन्धित समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहेंगे।
मंगलवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 20 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए मंगलवार 21 जुलाई को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार 21 जुलाई को उपखण्ड क्षेत्र अजमेर की मियापुर तथा सरवाड़ की गोपालपुरा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।
सफलता की कहानी-1
शोकलिया की मनोहर नायक के पशुधन को मिला मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का सुरक्षा कवच
राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीणों और काश्तकारों को उनके ही गाँव में त्वरित प्रशासनिक राहत और आर्थिक संबल देने के लिए आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 पशुपालकों के लिए सच्चे अर्थों में सुरक्षा की ढाल साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में जिले की टांटोटी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत शोकलिया में आयोजित विशेष शिविर एक पशुपालक परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया, जहाँ उनके पशुधन का मौके पर ही बीमा कर बड़ी राहत प्रदान की गई।
ग्राम शोकलिया निवासी श्रीमती मनोहर नायक (पत्नी श्री सुरेश कुमार नायक) का परिवार वर्षों से पशुपालन के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहा है। इस परिवार के लिए उनके दुधारू पशु केवल आय का एक जरिया मात्र नहीं हैं, बल्कि उनके परिवार की पूरी आर्थिक मजबूती और आजीविका का मुख्य आधार हैं। मुख्य आजीविका होने के कारण, भविष्य में किसी अप्रत्याशित दुर्घटना, बीमारी या अचानक पशु हानि की स्थिति में होने वाले भारी आर्थिक नुकसान की चिंता मनोहर नायक और उनके परिवार को हमेशा सताती रहती थी।
ग्राम पंचायत शोकलिया में आयोजित ग्राम सेवा शिविर के दौरान जब वे पहुँचीं, तो वहाँ उपस्थित अधिकारियों और पशुपालन विभाग की टीम द्वारा उन्हें राज्य सरकार की कल्याणकारी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योजना के महत्वपूर्ण लाभों और सुरक्षा के पहलुओं को समझने के बाद उन्होंने बिना किसी विलंब के शिविर में ही अपने दुधारू पशुओं का निःशुल्क बीमा करवाया।
शिविर में ही त्वरित विभागीय प्रक्रिया के तहत उनके पशुओं का बीमा पॉलिसी दस्तावेज तैयार कर मौके पर ही सुपुर्द कर दिया गया। हाथोंहाथ बीमा सुरक्षा मिलने पर श्रीमती मनोहर नायक ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि यह योजना पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच की तरह है। अब वे अपने पशुधन के भविष्य को लेकर पूरी तरह निश्चित हैं कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में उनके पशु बीमा सुरक्षा के दायरे में रहेंगे, जिससे उनका आर्थिक जोखिम काफी हद तक कम हो जाएगा।
सफलता की कहानी-2
शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का मिला लाभ, आर्थिक जोखिम से मिली मुक्ति
पंचायत समिति भिनाय की ग्राम पंचायत देवपुरा में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान ग्राम रूपपुरा निवासी श्री देवाराम ने पशुपालन विभाग के काउंटर पर अपनी समस्या रखी।
शिविर प्रभारी श्रीमती जीतू कुल्हरी ने उन्हें मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत पशुपालन विभाग द्वारा मौके पर ही उनकी पात्रता अनुसार मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत उनके पशु का बीमा कर पॉलिसी जारी की गई।
इस योजना के माध्यम से पशु की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में 40,000 रूपए तक की आर्थिक सहायता प्राप्त होने का सुरक्षा कवच मिला है। इससे श्री देवाराम एवं उनके परिवार को भविष्य के प्रति आर्थिक संबल और विश्वास प्राप्त हुआ है।
श्री देवाराम ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का लाभ मिलने पर राजस्थान सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के अन्य पशुपालकों एवं किसानों को भी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित होने के लिए प्रेरित करेंगे।