श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में ‘से नो टू ड्रग्स’ जागरूकता अभियान आयोजित

ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में विद्यार्थियों के लिए “Say No to Drugs” विषय पर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मैजिस्ट्रेट श्री हर्षित शर्मा एवं शारीरिक शिक्षक श्री अनिल कुमार मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन को जीवन का आधार बनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराई से सदैव दूर रहने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय मंच संचालन श्रीमती सविता शर्मा ने किया।

इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने अपने संदेश में कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों को अपनाएँगे, तो एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव होगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अभियान में सहभागिता करते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!