राहुल गांधी की रिहाई सत्य की जीत: डॉ. राजकुमार जयपाल

सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं—राहुल गांधी की रिहाई सत्य की जीत: डॉ. राजकुमार जयपाल

अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में अदालत के फैसले का कांग्रेस ने किया स्वागत, भाजपा नेताओं के बयानों पर भी उठाए सवाल

अजमेर। सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में बरी किए जाने का अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने स्वागत किया है। कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल और कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। आज न्यायालय के फैसले ने एक बार फिर न्यायपालिका में विश्वास को मजबूत किया है।”

डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि वर्ष 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी के संबंध में स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद 26 अक्टूबर को अदालत ने राहुल गांधी को दोषमुक्त कर दिया। कांग्रेस इस फैसले का सम्मान करती है और इसे न्याय की महत्वपूर्ण जीत के रूप में देखती है।

डॉ जयपाल ने कहा कि राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र, संविधान, जनता के अधिकारों और जवाबदेही के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनके खिलाफ दर्ज इस मामले में अदालत का फैसला आने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा के नेता राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के माध्यम से राहुल गांधी को घेरने का प्रयास करते रहे हैं, लेकिन न्यायालय का फैसला तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को लेकर केंद्र और राज्य के भाजपा नेताओं की बयानबाजी राजनीतिक असहजता को दर्शाती है।

गुप्ता ने कहा कि भाजपा नेताओं को अदालत के फैसले का सम्मान करते हुए अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए। लोकतंत्र में किसी भी नेता के खिलाफ आरोप लगाना आसान है, लेकिन अंतिम निर्णय न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह खुशी का अवसर है कि मामले में राहुल गांधी को दोषमुक्त किया गया है।

डॉ. जयपाल और शैलेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और न्यायपालिका के सम्मान के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। सत्य और न्याय में विश्वास ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
आज इस अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में सभी कार्यकर्ताओं ने मिठाई खाकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!