कर्मचारियों व विद्यार्थियों को दिलाई गई ऊर्जा बचत की शपथ
अजमेर, 2 नवंबर। ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह (ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक) के अंतर्गत सोमवार को अजमेर रेंज किशनगढ़ के अधीन विभिन्न कार्यालयों, परिसरों तथा विद्यालयों में ऊर्जा संरक्षण करें (सेव एनर्जी) थीम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य आमजन, वन कर्मियों और विद्यार्थियों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग, बिजली की व्यर्थ खपत रोकने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की श्रंखला में रेंज किशनगढ़ के अधीन समस्त कार्यालयों, नाकों, चौकियों और नर्सरियों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा ऊर्जा संरक्षण की सामूहिक शपथ ली गई।
इस अवसर पर सभी को प्रेरित किया गया कि वे अपने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर बिजली तथा अन्य ऊर्जा संसाधनों का अनावश्यक उपयोग न करें। आवश्यकता न होने पर पंखे, लाइट, एसी और अन्य विद्युत उपकरणों को बंद रखने तथा एलईडी बल्ब एवं ऊर्जा दक्ष उपकरणों का अधिकाधिक उपयोग करने का संदेश दिया गया। साथ ही कार्यालयों और नर्सरियों में पहले से स्थापित सौर ऊर्जा प्रणालियों (सोलर पैनल) की गहन साफ-सफाई कर नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने पर विशेष बल दिया गया।
इस कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों को यह संदेश दिया गया कि ऊर्जा का संरक्षण केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि वे उपकरणों को स्टैंडबाय मोड पर न छोड़कर प्राकृतिक रोशनी के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देंगे और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करेंगे।
इसी क्रम में ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह के तहत स्थानीय माध्यमिक विद्यालयों का अतिथियों द्वारा सघन दौरा किया गया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंता ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों और स्टाफ को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने, विद्यालय व घरों में अनावश्यक रूप से जलती हुई लाइटों और पंखों को बंद रखने तथा ऊर्जा की बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता और हरित भविष्य के दूत बनकर अपने समाज और परिवार में ऊर्जा संरक्षण का संदेश प्रसारित करें।
समन्वित प्रयासों से आयोजित इन कार्यक्रमों ने भविष्य में पर्यावरण संतुलन और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक मजबूत नींव रखी।