91 लाख रुपये की लागत से होंगे सड़क एवं ब्लॉक निर्माण कार्य

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया विकास कार्यों का शुभारम्भ

अजमेर, 2 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को हरिभाऊ उपाध्याय नगर (मुख्य) स्थित सामुदायिक भवन के पास आयोजित कार्यक्रम में 91 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क एवं ब्लॉक निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। इन कार्यों के तहत बाड़ी नदी से केसर स्वीट्स होते हुए शिव रेजिडेंसी तक तथा ललित केसवानी के मकान के सामने सड़क मय ब्लॉक निर्माण करवाया जाएगा। इन कार्यों का निष्पादन सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़कों से न केवल आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होता है, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होती है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से आसपास की कॉलोनियों के निवासियों सहित क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अजमेर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों।

श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश क्षेत्रों में सौन्दर्यीकरण, हरित विकास तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शहर को रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, पार्षद श्री विनोद डीडवानिया, श्री ललित केसवानी, श्री रमेश चंद सैन, श्री दीपक कांकाणी, श्री संजय सांखला, श्री शेखर उबाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!