भाई दूज पर ब्रह्माकुमारी सेवा केन्द्र में भाइयों को तिलक लगाकर दी मंगलकामनाएं

अजमेर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, प्रभु पसंद भवन, शास्त्री नगर सेवा केन्द्र में भाई दूज का पर्व आध्यात्मिक उल्लास, प्रेम और भाईचारे के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेवा केन्द्र की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा बहन एवं बीके कीर्ति बहन ने उपस्थित भाइयों के मस्तक पर तिलक लगाकर उनके सुखद, स्वस्थ, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आशा बहन ने भाई दूज के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिलक केवल एक धार्मिक परंपरा या शुभ चिह्न नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान, विजय और जिम्मेदारी का प्रतीक है। मस्तक पर लगाया जाने वाला तिलक हमें अपनी श्रेष्ठ पहचान अर्थात आत्मा स्वरूप में स्थित रहने और जीवन में सदैव विजयी बनने की प्रेरणा देता है। तिलक का अर्थ है कि हम अपने जीवन में बुराइयों, कमजोरियों, नकारात्मक विचारों और व्यर्थ चिंतन पर विजय प्राप्त करने का संकल्प लें।
आशा बहन ने कहा कि भाई दूज का पर्व भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह, विश्वास और आत्मिक संबंधों को मजबूत करने का संदेश देता है। बहन द्वारा भाई के मस्तक पर लगाया गया तिलक उसके प्रति शुभभावना, मंगलकामना और उसकी सुरक्षा एवं उन्नति की कामना का प्रतीक है। इसके साथ ही प्रत्येक भाई की भी जिम्मेदारी है कि वह अपने जीवन में श्रेष्ठ कर्मों को अपनाए, परिवार एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे और सभी के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना रखे।
उन्होंने कहा कि परमात्मा से शक्ति प्राप्त कर जब हम अपने जीवन को सकारात्मक, श्रेष्ठ एवं संस्कारवान बनाते हैं, तभी सच्चे अर्थों में जीवन में विजय प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बीके पूनम बहन ने किया। इस अवसर पर बीके ओमप्रकाश, बीके रमेश, बीके राव, मंगला बहन एवं विवेक भाई सहित अन्य भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने भाई दूज के पावन अवसर पर आपसी प्रेम, सद्भावना और आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
बी के रमेश
अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!