*बाल दिवस पर बच्चों को बाल अधिकार, सुरक्षा एवं बाल विवाह निषेध के प्रति किया जागरूक*

**अजमेर, 14 नवंबर।** / राजस्थान महिला कल्याण मंडल द्वारा एक्सेस टू जस्टिस कार्यक्रम के तहत बाल दिवस के अवसर पर जागृति विद्या मंदिर सेकेंडरी स्कूल में बाल दिवस समारोह एवं बाल संरक्षण तथा बाल विवाह निषेध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल निदेशक श्री रामकरण सैनी द्वारा किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं राजस्थान महिला कल्याण मंडल के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनके सर्वांगीण विकास एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उनके मूलभूत अधिकारों, बाल संरक्षण एवं सुरक्षित वातावरण के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही गुड टच एवं बैड टच के अंतर को सरल भाषा में समझाते हुए किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई बाल विवाह निषेध के विषय पर चर्चा करते हुए बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत लड़कियों के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष है। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने तथा अपने आसपास बाल विवाह की घटना होने पर संबंधित प्रशासन को सूचित करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता प्रतिभागियों को राजस्थान महिला कल्याण मंडल की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और बाल विवाह के पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
राकेश कुमार कौशिक 
निदेशक 
राजस्थान महिला कल्याण मण्डल अजमेर 
9829140992

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!