डॉ. राजकुमार जयपाल के सफल एक वर्ष पर कांग्रेस कार्यालय में जश्न

वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों एवं जिला कार्यकारिणी के सैकड़ों कांग्रेसजनों ने साफा पहनाकर और मिठाई खिलाकर किया अभिनंदन
अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल के सफल एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आज कांग्रेस कार्यालय में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ बधाई एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पार्षदों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पहुंचकर डॉ. जयपाल का माल्यार्पण किया, साफा पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने बताया कि डॉ. जयपाल के नेतृत्व में बीते एक वर्ष में अजमेर शहर कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और एकजुटता मिली है। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की उल्लेखनीय सफलता, AICC एवं PCC के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी, दिल्ली रामलीला मैदान की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति तथा शहर की जनसमस्याओं को लेकर किए गए आंदोलनों ने संगठन को नई पहचान दिलाई है।
उन्होंने बताया कि आनासागर झील की बदहाली और संरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस ने जोरदार आवाज उठाई। शहर की जनभावनाओं को लेकर ऐतिहासिक अजमेर बंद का सफल आयोजन किया गया। वहीं पेयजल संकट को लेकर जलदाय विभाग के खिलाफ जबरदस्त मटका फोड़ आंदोलन कर जनता की पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। गुलाबबाड़ी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर भी कांग्रेस ने लगातार संघर्ष किया और जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरकर आंदोलन किए।
इस अवसर पर डॉ. राजकुमार जयपाल ने सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी कार्यकर्ता पूर्व की भांति पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे रहें। हमारा लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाना, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनाना और राहुल गांधी जी के हाथ मजबूत करना है।
जयपाल ने हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत पर सभी कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनके परिश्रम और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की एकता, कार्यकर्ताओं का सम्मान और जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। आने वाले समय में सभी कांग्रेसजन मिलकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!