मार्च 2027 तक गंगा भैरव घाटी लैपर्ड सफारी परियोजना का कार्य पूरा करने के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में ली वन विभाग के अधिकारियों की बैठक
तारागढ़ क्षेत्र का 20 करोड़ रुपये की लागत से होगा विकास, चौहान सम्राटों की स्थापित होंगी आदमकद प्रतिमाएं
अजमेर, 28 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गंगा भैरव घाटी में विकसित की जा रही लैपर्ड सफारी परियोजना का कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नए साल में अजमेरवासियों को लैपर्ड सफारी की सौगात मिलेगी। आगामी गर्मी एवं बारिश के मौसम में यह स्थल शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होकर पर्यटकों, ट्रेकिंग प्रेमियों और शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में वन विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर लैपर्ड सफारी परियोजना सहित क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गंगा भैरव घाटी को एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति और वन्यजीवों के बीच रोमांचक अनुभव मिल सके। इस क्षेत्र में तेंदुए, हिरण सहित अन्य वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देखने का अवसर मिलेगा। इससे अजमेर में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा बड़ी संख्या में सैलानियों का आगमन होगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में शीघ्र पूरे किए जाएं। घाटी क्षेत्र में सनसेट पॉइंट, सेल्फी पॉइंट एवं अन्य पर्यटन स्थलों को प्राकृतिक स्वरूप के अनुरूप विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं का विकास करते समय क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें।
उन्होंने तारागढ़ एवं आसपास की पहाड़ियों पर बड़े पैमाने पर हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही सम्राट पृथ्वीराज चौहान के अस्तबल क्षेत्र को आकर्षक व्यू पॉइंट के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर बैठने, विश्राम करने एवं अल्पाहार की समुचित व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे इन ऎतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर की ऎतिहासिक पहचान और चौहान शासकों के गौरव से जुड़े तारागढ़ क्षेत्र को लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। इसके तहत चौहान सम्राटों की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने के साथ आकर्षक गार्डन, म्यूजियम, पार्किंग एवं कैफे सहित विभिन्न पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाए। क्षेत्र की ऎतिहासिक संरचनाओं एवं धरोहरों का संरक्षण करते हुए इसे एक आकर्षक पर्यटन केंद्र बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि तारागढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों का विकास अजमेर की ऎतिहासिक विरासत को नई पहचान देने के साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से अजमेर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। लैपर्ड सफारी, तारागढ़ और आसपास के पर्यटन स्थलों के विकास से अजमेर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक अवसरों के नए रास्ते खुलेंगे।