अजमेर। शांतिनाथ प्रन्यास ट्रस्ट भूमि मेला ग्राउण्ड नाका मदार पर नवनिर्मित मंदिर का शिलान्यास रविवार को पूज्य उपाध्याय श्री ज्ञानसागर महाराज के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सुशील पाटनी के मंगलाचरण से हुआ। मुख्य अतिथि विधायिका अनीता भदेल और ज्ञानसागर पैथोलोजी लैब और चिकित्सालय के भवन निर्माण सहयोगी महेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, अभय कुमार, संजय कुमार साहबजाज परिवार को सम्मानित किया गया। भदेल ने कहा कि पूज्यश्री के आशीर्वाद से यह कार्य हो रहा है मंदिर के द्वारा जहॉं अनेकों व्यक्तियों को संम्यक दर्शन की प्राप्ति होगी, वहीं पर श्री ज्ञानसागर पैथोलोेजी लैब के द्वारा कितने ही लोगों को रोग से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने विधायक कोष से 5 लाख रू. की राशि लैब के लिए इस वर्ष और 5 लाख रू. की राशि अगले वर्ष देने की घोषणा की। पूज्य उपाध्याय श्री ज्ञानसागर जी महाराज ने कहा कि परमात्मा को जिस स्थान पर विराजमान करना है वह स्थान सुरम्य होना चाहिए इस विषय में पूज्य श्री ने कहा कि प्रभु के दर्शन से आत्मदर्शन होता हैं मंदिर आत्मशांति के केन्द्र हैं, मंदिर मन के मैल को धोने में सरोवर का काम करते हैं। मंदिर आत्मा की चिकित्सा कराने में चिकित्सालय का कार्य करते है।