केकड़ी। भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की जयपुर में आयोजित सभा में शिरकत करने के लिये केकड़ी से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार को यहां से रवाना हुए। कार्यकर्ताओं में मोदी की सभा को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। केकड़ी से जयपुर जाने के लिये भाजपा शहर मण्डल के साथ ही चुनावों में भाजपा के टिकट की दावेदारी कर रहे दावेदारों द्वारा भी वाहनों की व्यवस्था की गई। मंगलवार को सुबह भाजपा शहर मण्डल,युवा मोर्चा,महिला मोर्चा,अल्पसंख्यक प्रकोष्ट,किसान मोर्चा सहित अन्य अग्रिम संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को शहर मण्डल अध्यक्ष रामनिवास तेली,महामंत्री अनिल राठी,उपाध्यक्ष रामकिशन गुर्जर,पालिकाध्यक्ष रतन लाल नायक ने झण्डी दिखाकर यहां से रवाना किया। इसके साथ ही शहर के अजमेर रोड़ पर स्थित देहात भाजपा कार्यालय से पूर्व प्रधान भूपेन्द्र सिंह शक्तावत तथा अजमेर रोड़ पर ही स्थित केकड़ी विधानसभा विकास समिति कार्यालय से भाजपा नेता रामेश्वर बंबोरिया के नेतृत्व में भी वाहनों का काफिला रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व सभी कार्यकर्ताओं में गुजरात के मुख्यमंत्री को एक झलक देखने व सुनने की ललक नजर आई जिसके चलते ही वे नारेबाजी करते हुए जोश फरोश व उमंग के साथ यहां से रवाना हुए। वहीं आगामी विधानसभा चुनावों में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट की दावेदारी कर रहे दावेदारों ने भी ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को अपने साथ ले जाकर अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया।
गौरतलब हैं कि नरेन्द्र मोदी की सभा को लेकर जहां कई दिनों से कार्यकर्ता दौड़ धूप कर रहे थे उसके चलते ही सैकड़ों की तादात में यहां से भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था जयपुर के लिये रवाना हुआ। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं की मांग थी कि नरेन्द्र मोदी को ही प्रधानमंत्री पद का उम्मीद्वार घोषित किया जाये। इसके साथ ही सभी कार्यकर्ताओं ने जोश फरोश के साथ आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष वसुधरा राजे के नेतृत्व में भाजपा की जीत का दावा भी किया।
-पीयूष राठी
