अजमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव गालरिया ने कहा कि अजमेर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की पालना सख्ती से की जा रही है। जिले में अब तक आचार संहिता उल्लंघन के 15 मामले सामने आए हैं। उन सभी में उचित कार्यवाही की गई है। गालरिया ने गुरूवार को सूचना केन्द्र स्थित मीडिया संेटर तथा मीडिया सर्टीफिकेशन एण्ड माॅनिटरिंग कमेटी सेल का अवलोकन किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक प्यारे मोहन त्रिपाठी ने उन्हें मीडिया सेंटर की कार्यवाही से अवगत कराया। त्रिपाठी ने बताया कि सूचना केन्द्र का मीडिया सेंटर 24 घण्टे कार्यरत है। इसमें प्रतिदिन निर्वाचन से जुड़ी खबरों एवं अन्य काम काज संपादित किए जा रहे हैं।
गालरिया ने इस मौंके पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि जिला निर्वाचन विभाग की पहली प्राथमिकता निर्विधन एवं भयमुक्त माहौल में चुनाव कराना है। जिले में कार्यरत स्टेटिक सर्विलांस टीम एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं पर भी आचार संहिता की पालना में ढिलाई नहीं बरती जाए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों एवं मीडिया का भी अच्छा सहयोग मिला है। राजनीतिक दलों एवं विभिन्न जन प्रतिनिधियों द्वारा दिए जा रहे विज्ञापनों, पेड न्यूज आदि पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए गठित एम.सी.एम.सी. सेल में 24 घण्टे रिकार्डिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर स्वीप कमेटी अध्यक्ष सी.आर. मीना, जनसंपर्क अधिकारी महेश शर्मा आदि उपस्थित थे।