मुकेश अंबानी देश के सबसे बड़े धनी

जाने माने उद्योगपति और रिलायंय इंडस्ट्रीज लिमिटेड [आरआईएल] के अध्यक्ष मुकेश अम्बानी 19.3 अरब डॉलर की सम्पत्ति के साथ देश के सबसे धनवान व्यक्ति है, यह खुलासा चीन की एक शोध कम्पनी हुरुन ने बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में किया।

धनवान भारतीयों की हुरुन सूची में अम्बानी पहले स्थान पर है, जबकि दूसरे स्थान पर है आर्सेलर-मित्तल के प्रमुख एल.एन. मित्तल, जिनके पास 16.9 अरब डॉलर संपत्ति आंकी गई है।

उनके बाद सूची में विप्रो के अजीम प्रेमजी [12.3 अरब डॉलर], सन फार्माश्यूटिकल्स के दिलीप शांघ्वी [8.5 अरब डॉलर], टाटा समूह की सबसे बड़ी शेयर धारक शपूरजी पालोंजी एंड कम्पनी के पालोंजी मिस्त्री [7.9 अरब डॉलर], एस्सार एनर्जी के शशि एवं रवि रुइया [7.2 अरब डॉलर] और गोदरेज समूह के आदी गोदरेज [6.9 अरब डॉलर] को भी शामिल किया गया है।

देश के 10 सबसे धनी अरबतियों में शामिल चार अन्य लोगों में है डीएलएफ के कुशल पाल सिंह [6.3 अरब डॉलर], ग्रासीम इंडस्ट्रीज के कुमार मंगलम बिड़ला [5.8 अरब डॉलर], एचसीएल टेकनेलॉजी के शिव नादर [5.7 अरब डॉलर] और भारती एयरटेल के सुनील मित्तल [5.7 अरब डॉलर]।

ओ.पी. जिंदल समूह की गैर कार्यकारी अध्यक्ष सावित्री जिंदल 5.6 अरब डॉलर की निजी सम्पत्ति के साथ भारत की सबसे धनवान महिला है। जबकि बायोकोन की किरन मजूमदार शॉ अपनी मेहनत से सफलता हासिल करने वाली सबसे धनवान महिला है जिनकी निजी संपत्ति 60 करोड़ डॉलर है।

संयोग से वह 100 धनवानों की इस सूची में शामिल अकेली महिला है जिन्होंने अपनी मेहनत से सफलता की ऊंचाइयों को छुआ है। ऐसे हुरुन सूची में शामिल 62 प्रतिशत लोग अपनी मेहनत से सफल हुए है। सूची में शामिल होने के लिए न्यूनतम सम्पत्ति सीमा 33 करोड़ डॉलर रखी गई।

सूची में पुरुषों का वर्चस्व है और केवल 5 ही महिलाएं है। पांच धनवान महिलाओं में सावित्री जिंदल के साथ बेनेट कोलमैन की इंदु जैन [1.7 अरब डॉलर], थरमैक्स की अनु आगा [69 करोड़ डॉलर], बायोकोन की किरन मजूमदार शॉ [60 करोड़ डॉलर] और हिंदुस्तान टाइम्स की शोभना भरतिया [49 करोड़ डॉलर] को शामिल किया गया है।

सूची में कुछ दिलचस्प जानकारियां है। उदाहरण के लिए भारत के सबसे धनवान 100 व्यक्तियों में से 36 मुंबई में रहते है। इसके बाद दिल्ली और बेंगलुरु का स्थान है, जहां क्रमश: 22 और 15 धनवान व्यक्ति रहते है। साथ ही शीर्ष 100 में से पांच भारत से बाहर रहते है और इनमें लंदन में रह रहे एल़ एऩ मित्तल प्रमुख है। 74 धनवान व्यक्ति उत्तर भारत से और 21 दक्षिण से है। अजीम प्रेमजी सबसे धनवान दक्षिण भारतीय है।

error: Content is protected !!