सरकार उजागर करेगी टैक्स चोरों के नाम

-it-dept-to-name-and-shame-habitual-tax-evadersनई दिल्ली। टैक्स चोरी से बाज नहीं आने वाले लोगों को अब आयकर विभाग सबक सिखाने की पुख्ता तैयारी कर रहा है। विभाग ने लगातार कर चोरी करने वाले ऐसे लोगों के नाम और पते अब अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करने का फैसला लिया है।

आयकर विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि वेबसाइट पर प्रकाशित करने के लिए टैक्स चोरों के नामों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया तय की जा रही है। ऐसे लोगों के नाम और पते वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे, जिन पर टैक्स की बड़ी रकम बकाया है और जिन्हें भगोड़ा घोषित किया गया है। इसके अलावा बार-बार टैक्स चोरी करने वालों के नाम भी वेबसाइट पर डाले जाएंगे।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अधिकारियों के साथ इस मसले पर हुई एक बैठक में कर चोरों के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला लिया गया। इसके तहत टैक्स की बड़ी रकम चुराने वाले और बार-बार कर चोरी करने वाले लोगों के नाम उजागर करने का निर्णय लिया गया। विभाग कर चोरी करने वाले लोगों की पहचान के लिए सभी कदम उठा रहा है। अधिकारी ने कहा कि विभाग ने करदाताओं को नोटिस भेजे हैं और उन्हें स्वयं अपना बकाया कर चुकाने को कहा है। लेकिन कुछ मामलों में कार्रवाई मुश्किल है। ऐसे लोगों को खोजने के लिए आम जनता की मदद ली जाएगी और कर चोरों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी।

विभाग कुछ डिफाल्टरों के नाम अखबारों और टीवी पर भी प्रसारित करने के विकल्पों पर विचार कर सकता है, मगर यह कदम अंतिम विकल्प के रूप में उठाया जाएगा। इसके अलावा कर चोरों के बारे में उपयोगी सूचना देने वाले लोगों को प्रोत्साहन देने के लिए भी एक नई आकर्षक योजना शुरू की जाएगी। ऐसी सूचना देने वालों के नाम गुप्त रखे जाएंगे। विभाग ने वित्त वर्ष 2012-13 में 41,115 करोड़ रुपये के बकाया कर की वसूली का लक्ष्य रखा था, मगर इसमें से केवल 13,432 करोड़ रुपये की वसूली हो सकी।

error: Content is protected !!