रिटायर्ड पुलिस उप अधीक्षक श्री बलराज सिंह खोसला पुत्र स्वर्गीय श्री दीवान सिंह खोसला का रविवार, 16 फरवरी को निधन हो गया। उनकी गिनती ईमानदार पुलिस अधिकारियों में तो होती ही थी, वे एक प्रखर बुद्धिजीवी भी थे। बहुत जिंदादिल व ऊर्जावान इंसान थे। चेहरे पर स्मित मुस्कान उनके व्यक्तित्व की पहचान थी। तनिक विनोदपूर्ण थे। उनकी भाषा शैली में अव्यवस्था के प्रति व्यंग्य झलकता था। विशेष रूप से अजमेर के हालात को लेकर वे बहुत चिंतित रहते थे। वे काफी समय तक सीआईडी में भी रहे, इस कारण उनके जेहन में गोपनीय जानकारियां थीं। कानून व्यवस्था व आंतरिक सुरक्षा के बारे में गहरी जानकारी थी। अजमेर में सांप्रदायिक सौहार्द्र कायम रखने में उनकी महति भूमिका थी। उन्हें यह भलीभांति जानकारी थी कि अजमेर की समस्याओं की जड कहां है? सीआईडी में रहने की वजह से वे बहुत रिजर्व नेचर के थे, लेकिन कुछ बुद्धिजीवियों चर्चा करते थे और अपना खास नजरिया रखते थे। पिछले कई वर्षों से मेरे संपर्क में थे। अजमेर सहित राज्य व देश के ज्वलंत विषयों पर उनसे कई बार लंबी चर्चा होती रही। मैने कई बार आग्रह किया अपनी जानकारियां व अनुभव लाइव शेयर करें, मगर वे संकोच कर जाते थे। अलबत्ता, उन्होंने मुझे कई आर्टिकल लिखने के लिए विषय साझा किए। अफसोस, उनके जैसा अनुभवी अधिकारी बहुत सी उपयोगी जानकारियां अपने जेहन में रख कर विदा हो गया। उनका देहावसान अजमेर के लिए अपूरणीय क्षति है। अजमेरनामा न्यूज पोर्टल उनको अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
-तेजवाणी गिरधर
7742067000
