प्रजातंत्र का उत्सव मैराथन में दौड़े सैकड़ों विद्यार्थी

अजमेर। आगामी एक दिसम्बर को होने वाले मतदान के प्रति युवाओं एवं मतदाताओं में जागरूकता के लिए मनाए जा रहे प्रजातंत्र का उत्सव के तहत मैराथन का आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न स्कूलों से शुरू हुई यह मैराथन पटेल मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम पहुंची। यहां विद्यार्थियों को मतदान का महत्व समझाते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
इंडोर स्टेडियम पर आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए ओलम्पियन श्री परमजीत सिंह ने युवा खिलाडिय़ों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मतदान देश के प्रति हमारी निष्ठा व सम्मान से जुड़ा विषय है। हम अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करें तभी देश का लोकतंत्र मजबूत होगा। युवाओं को अपनी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का गंभीरता के साथ निर्वहन करना चाहिए।
अखिल भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के महासचिव श्री धनराज चौधरी लने कहा कि मतदान हमार दायित्व है। हम सभी को पूरे मनोयोग से अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। आगामी एक दिसम्बर को राजस्थान में मतदान होना है। ऐसे में हम सभी खुद मतदान करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें।
एथेलेटिक्स संघ के प्रमोद जादम ने कहा कि जनतंत्र के इस उत्सव में हम सभी भागीदारी निभाएं। हम अपने सभी मिलने-जुलने वालो, रिश्तेदारों व मित्रों को आगामी एक दिसम्बर को मतदान के लिए प्रेरित करें।
स्वीप कमेटी के जिलाध्यक्ष श्री सी.आर. मीना ने कहा कि अजमेर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत प्रजातंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। अजमेर जिले में कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पिछली 21 नवम्बर को प्रजातंत्र का उत्सव शुरू किया गया था। तब से अब तक कई आयोजन के जरिए जिले के युवाओं तथा अन्य नागरिकों को मतदान जागरूकता का संदेश दिया गया है। इसके बहुत अच्छे परिणाम भी सामने आए हैं। लोगों ने बढ़ चढ़ कर एक दिसम्बर को मतदान करने का भरोसा दिलाया है।
उन्होंने कहा कि युवा मतदान जागरूकता की सबसे अहम कड़ी है। युवा अपनी ऊर्जा से न सिर्फ खुद मतदान करे बल्कि औरों को भी प्रेरित कर मतदान केन्द्र तक ले जाएं। युवाओं पर लोकतंत्र की महती जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की सफलता के लिए जरूरी है कि हम मतदान का कर्तव्य पूरी ईमानदारी से निभाएं।
इस अवसर पर स्वीप की नोडल अधिकारी श्रीमती दीप्ति शर्मा, खेल जगत से जुड़े अतुल दुबे और महिपाल सिंह चूंडावत आदि भी उपस्थित थे। मैराथन में मयूर स्कूल, डीएवी शताब्दी, सेंट जोसेफ बाल निकेतन तथा सेन्ट्रल अकादमी स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

error: Content is protected !!