अजमेर। अन्नत चतुदर्शी तथा नवरात्रा सम्पन्न होने के पश्चात गणेश जी व दुर्गा माता की मूर्तियों का विसर्जन पूरे सम्मान और शालीनता से किया जाए। इसके लिए अलग से कुण्ड की व्यवस्था भी हो जिसमें पर्याप्त पानी भरा जाए जिससे मूर्ति विसर्जन में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।
जिला कलक्टर व जिला मजिस्टे्रट श्री भवानी सिंह देथा की अध्यक्षता में मूर्ति विसर्जन पूरे सम्मानजन तरीके के साथ सम्पन्न कराने के संबंध में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र सिंह चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शरद चौधरी, अतिरिक्त कलक्टर शहर श्री हरफूल सिंह यादव, अतिरिक्त कलक्टर प्रथम व द्वितीय श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ व श्री यशोदानन्दन चौहान मौजूद थे।
बैठक में इस बात पर चिंता व्यक्त की गई कि अनेक युवकों व समूहों द्वारा मूर्ति विसर्जन के नाम पर ऐसा प्रदर्शन किया जाता है जो आम लोगों को भी स्वीकार नहीं है पूरे बाजार व रास्तों में गुलाल फैंकी जाती है तथा डीजे पर तेज आवाज के साथ चलने वाले फिल्मी गानों पर सड़कों पर डांस किए जाते है। जिसमें पूरी यातायात व्यवस्था बाधित हो जाती है।
बैठक में सदस्यों ने सभी नागरिकोंं से अनुरोध करने का निर्णय लिया कि वे आने वाले समय में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन पूरे सम्मान और शालीनता से करें।