बेंगलौर, 29 अप्रैल 2020: अमेज़न पे ने आज ‘अमेज़न पे लेटर ’ को लॉन्च किया है। यह एक ऐसी सेवा है जो अमेज़न डॉट इन पर खरीदारी करने वाले पात्र ग्राहकों को वर्चुअल लाइन ऑफ क्रेडिट प्रदान करेगी। एक आसान डिजिटल साइन-अप प्रक्रिया के साथ, ग्राहकों को तत्काल क्रेडिट तक पहुंच मिलेगी। जिसे ग्राहक दैनिक आवश्यक वस्तुओं से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ों तक किसी भी उत्पाद को खरीदने के लिए उपयोग कर सकते हैं। ग्राहक इस क्रेडिट का उपयोग अमेज़न डॉट इन पर अपने बिल भुगतान के लिए भी कर सकते हैं। अमेज़ॅन पे लेटर सेवा इस राशि को अगले महीने बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के, या नाममात्र की ब्याज दरों पर 12 महीने तक की आसान ईएमआई में चुकाने का विकल्प प्रदान करती है।
अमेज़ॅन पे की यह पहल ग्राहकों को घरेलू उपकरणों, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं, किराने का सामान, और यहां तक कि उनके बिजली बिल, मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज जैसे मासिक बिलों का भुगतान करने के लिए अपने बजट को बढ़ाने में मदद करने के लिए है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत, यह सेवा फिलहाल कुछ ग्राहकों के लिए उपलब्ध थी। अब अमेज़ॅन पे ने इस सेवा का विस्तार हजारों योग्य ग्राहकों के लिए कर दिया है। अमेज़ॅन पे ने अपने योग्य ग्राहकों के लिए ‘अमेज़ॅन पे लेटर’ सेवा को डिज़ाइन करने और प्रभावी बनाने के लिए कैपिटल फ़्लोट के साथ भागीदारी की है, और कैपिटल फ़्लोट ने इस सर्विस को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए करूर वैश्य बैंक (केवीबी) का को—लैंडिंग पार्टनर के रूप में शामिल किया है।
‘अमेज़ॅन पे लेटर’ इनबिल्ट सिक्योरिटी फीचर्स के साथ एक सहज भुगतान अनुभव प्रदान करता है और ग्राहकों को अपनी पसंद के बैंक के माध्यम से मासिक बिल या ईएमआई का निपटान करने के लिए ऑटो-रिपेमेंट का विकल्प देता है। ग्राहकों के पास बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सभी बकाया राशि एक बार में चुकाने का भी विकल्प है। उपयोग और पुनर्भुगतान व्यवहार के आधार पर ग्राहक अपनी क्रेडिट सीमा को और अधिक बढ़ा भी सकेंगे।
महेंद्र नेरुरकर, सीईओ अमेजन पे इंडिया ने कहा, “हम हमेशा अमेजन.इन पर अपने ग्राहकों के भुगतान अनुभव को बेहतर बनाने और खरीदारी को और अधिक किफायती बनाने के तरीके खोजते रहते हैं। अमेज़न पे लेटर एक अनूठी सर्विस है जो ग्राहकों को क्रेडिट तक अपनी पहुंच का विस्तार करने और भुगतान करने के सबसे सुविधाजनक विकल्प का अनुभव करने में मदद करेगी। वर्तमान समय में अमेज़न पे लेटर में हमारे ग्राहकों को उनके मासिक खर्च को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने का अधिकार मिलता है। ”