
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़, दोनों भले और भोले लगते हैं। न धमाकेदार उपस्थिति, न राजनीतिक प्रभावशीलता और न ही पद के प्रभाव का आकर्षण। दोनों सरल, दोनों विरल और दोनों सीधे – सादे। लेकिन राजनीति में भले लोगों की गुजर – बसर आसान नहीं होती। इसीलिए दोनों के लिए आने वाले 2 साल बहुत सारी नई चुनौतियों से भरे हो सकते हैं, जिनसे पार पाना सरल, विरल और सीधे लोगों के लिए आम तौर पर आसान नहीं होता। राजस्थान के पंचायत चुनावों में बीजेपी की हार ने कई बड़ी चुनौतियां लिख दी हैं। यह ग्रामीण राजनीति में बदलते जनमत का संकेत है। तीन साल पहले विधानसभा चुनाव में शानदार बहुमत से सत्ता हासिल करने वाली बीजेपी को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस से बहुत बड़ा झटका लगा है। कुछ महीने पहले नगरपालिका चुनाव में भी बीजेपी को केवल कुछ ही वोट ज्यादा मिले थे। इन परिणामों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार का कामकाज मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर रहा, या सत्ता में आने के बाद मदन राठौड़ के नेतृत्व वाली बीजेपी का संगठन कमजोर पड़ा है। इस चुनाव को केवल कांग्रेस की जीत के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा; यह बीजेपी के शासन, नेतृत्व, संगठन और ग्रामीण जनसंपर्क की परीक्षा भी है।
भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के तीन साल पूरे होते – होते बीजेपी को जो हार मिली है, उसका सबसे महत्वपूर्ण कारण सरकार के प्रति नाराजगी और सत्ता विरोधी भावना दिखाई देती है। राजस्थान का मतदाता परंपरागत रूप से सरकारों को बदलने की प्रवृत्ति रखता हैं। ऐसे में सत्ता में तीन साल रहने के बाद सरकार के कामकाज का मूल्यांकन है। पंचायत चुनावों में मतदाता राष्ट्रीय नेतृत्व या बड़े राजनीतिक नारों से अधिक अपने दैनिक जीवन से जुड़े मुद्दों पर मतदान करता है। सड़क, पानी, बिजली, रोजगार, सरकारी योजनाओं का लाभ, स्थानीय प्रशासन की उपलब्धता और अधिकारियों की जवाबदेही जैसे विषय सीधे चुनावी व्यवहार को प्रभावित करते हैं। इन चुनावों में कांग्रेस को बढ़त से साफ संकेत है कि बीजेपी के लिए ग्रामीण स्तर पर विश्वास बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
बीजेपी सरकार के सामने एक प्रमुख चुनौती निर्णय लेने की गति और प्रशासनिक प्रभावशीलता को लेकर रही है। जनता केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और समस्याओं के समाधान की अपेक्षा करती है। निर्णयों में देरी, प्रशासनिक निर्भरता और नेतृत्व की प्रभावशीलता पर सवाल उठने की चर्चा चुनावी विश्लेषण में सामने आई है। यदि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय कमजोर हो, तो इसका असर विकास कार्यों और जनता तक पहुंचने वाली सेवाओं पर पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था का अनुभव बेहद महत्वपूर्ण होता है। सड़क अधूरी हो, पेयजल का समाधान न हो या किसी सरकारी योजना का लाभ समय पर न मिले, तो मतदाता अपनी नाराजगी जाहिर करता है। यही असर पंचायत चुनावों में दिखाई देना बीजेपी के लिए गंभीर संकेत है।
आम जनता में बीजेपी की छवि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आकर्षण और अमित शाह की प्रखरता की लोकप्रियता पर आधारित रही है। तस्वीर साफ है कि लोग राजस्थान में भी उनके जैसा नेतृत्व देखना चाहते हैं। इसीलिए प्रदेश में भी मुख्यमंत्री की ताकतवर छवि और प्रदेश अध्यक्ष की दमदार छवि जरूरी मानी जा रही है। दोनों की उपलब्धता, व्यवहार, सामाजिक संपर्क, स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और प्रदेश में काम करने की क्षमता से ज्यादा उनका जनआकर्षण और जनता में प्रभाव ज्यादा निर्णायक होता है। राजस्थान बीजेपी में पुराने अनुभवी क्षेत्रीय नेताओं और मजबूत स्थानीय राजनीतिक चेहरों की भूमिका सीमित होने के बाद कई क्षेत्रों में नेतृत्व का खालीपन महसूस किए जाने की चर्चा रही है। पंचायत चुनावों ने संकेत दिया है कि बीजेपी को केवल बड़े नेताओं की लोकप्रियता के भरोसे नहीं, बल्कि गांव स्तर पर मजबूत नेतृत्व तैयार करने की आवश्यकता है।
बीजेपी की हार के साथ कांग्रेस की सफलता को भी समझना जरूरी है। कांग्रेस ने इस चुनाव में केवल बीजेपी के खिलाफ नाराजगी का लाभ नहीं उठाया, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट एकजुट नजर आए। तीनों ने आपसी टकराव दरकिनार रखकर और ताकतवर उम्मीदवारों के चयन पर जोर दिया। जाट, गुर्जर, मीणा, ब्राह्मण, माली – सैनी सहित एससी वर्ग और अन्य समुदायों के साथ संपर्क मजबूत करने की रणनीति ने कई क्षेत्रों में पार्टी को लाभ पहुंचाया। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 43.40 प्रतिशत वोट मिले, जबकि बीजेपी को 37.77 प्रतिशत। पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 39.15 प्रतिशत रहा, जबकि बीजेपी 33.78 प्रतिशत पर सिमट गई। यह अंतर केवल सीटों का नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में दोनों दलों के बीच समर्थन के अंतर को भी दर्शाता है।
राजस्थान की राजनीति में राष्ट्रीय दलों के अलावा क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है। पंचायत चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी), भारती आदिवासी पार्टी (बीएपी) और निर्दलीय उम्मीदवारों ने कई क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन किया। इन दलों की ताकत स्थानीय मुद्दों, समुदाय आधारित समर्थन और क्षेत्रीय नेतृत्व में निहित है। आरएलपी ने नागौर, अजमेर, डीडवाना, बीकानेर, चुरू, जयपुर, बाड़मेर, जोधपुर, बालोतरा, फलोदी और टोंक में ताकतवर प्रदर्शन से चुनावी मुकाबले को बहुकोणीय बनाया, तो बीएपी ने उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सिरोही जैसे आदिवासी इलाकों में कांग्रेस व बीजेपी दोनों को नुकसान पहुंचाया। विशेष रूप से बीजेपी के लिए यह चुनौती इसलिए गंभीर है क्योंकि उसके परंपरागत वोटों में सेंध लगाने वाले स्थानीय दल कई जगह निर्णायक बन सकते हैं।
राजस्थान के पंचायत चुनावों में बीजेपी की हार के पीछे सत्ता विरोधी भावना, प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर असंतोष, स्थानीय नेतृत्व की कमजोरी, संगठनात्मक चुनौतियां, कांग्रेस की सक्रियता और छोटे दलों का प्रभाव जैसे कई कारण दिखाई देते हैं। इन चुनावों का सबसे बड़ा संदेश यह है कि ग्रामीण राजस्थान में राजनीतिक समर्थन स्थायी नहीं है। सत्ता में रहने वाली पार्टी को लगातार जनता के बीच उपस्थित रहना पड़ता है। केवल बड़े नेताओं की लोकप्रियता और चुनावी प्रचार के आधार पर पंचायत स्तर पर जीत हासिल नहीं की जा सकती। बीजेपी के लिए यह परिणाम 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले चेतावनी है। पार्टी को स्थानीय नेतृत्व मजबूत करना होगा, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ानी होगी और ग्रामीण समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देनी होगी। दूसरी ओर, कांग्रेस की इस जीत को विधानसभा चुनाव की गारंटी नहीं माना जा सकता, लेकिन यह जरूर साबित करती है कि राजस्थान में सत्ता की लड़ाई अब बीजेपी के लिए पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है। पंचायत चुनावों ने स्पष्ट कर दिया है कि राजस्थान के ग्रामीण मतदाता सत्ता में बैठे भले और भोले लोगों के चेहरे नहीं, बल्कि उनके प्रभाव और तेवर भी देखते हैं।
निरंजन परिहार
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक हैं)