वाशिंगटन। ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान के एबटाबाद में जिस घर में अमेरिकी सेना ने मार गिराया था, वहां एक टेलीफोन भी बरामद हुआ था। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह खुलासा किया है। अब तक अमेरिका यही कहता रहा है कि ओसामा के घर में टेलीफोन या इंटरनेट का कोई कनेक्शन नहीं मिला था। मोस्ट वांटेड आतंकी सरगना ओसामा 2 मई, 2011 को मारा गया था।
मनी लांड्रिंग पर एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए वित्त मंत्रालय की अधिकारी जेनिफर सास्की केलवरी ने कहा कि आतंकियों को पकड़ने में वित्तीय संस्थाओं की अहम भूमिका है। एबटाबाद में हम जिस घर को संदेह के घेरे में लिए हुए थे, वहां से एक टेलीफोन के जरिए वित्तीय संस्थान से संपर्क की जानकारी हमें मिली थी। इसी आधार पर एबटाबाद में खोज की गई तो एक टेलीफोन भी बरामद हुआ। केलवरी ने कहा कि वित्तीय संस्थाएं आतंकवाद से लड़ने में हमारी आंख और कान का काम कर रहे हैं। बहरहाल, केलवरी के इस खुलासे की पुष्टि के लिए सीआइए के अधिकारियों से संपर्क नहीं किया जा सका।
