मिस्र में दुर्घटना में 50 स्कूली बच्चों की मौत

मध्य मिस्र में शनिवार को नर्सरी के बच्चों को ले जा रही एक स्कूल बस तेज रफ्तार ट्रेन से टकरा गई। इस हादसे में 50 लोगों की मौत हो गई। 18 लोग घायल हैं। मृतकों में ज्यादातर नर्सरी के बच्चे हैं। दुर्घटना के लिए रेलवे क्रासिंग के गार्ड को जिम्मेदार माना जा रहा है क्योंकि हादसे के वक्त वह सो रहा था।

घटना मिस्र की राजधानी काइरो से 350 किमी दूर स्थित असियुत प्रांत के मनफलत जिले के अल-मंदारा गांव के पास हुई। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन असवान से काइरो जा रही थी। बस में सवार सभी बच्चे चार से छह साल के थे। जो धार्मिक संस्थान जा रहे थे जहां वे पढ़ाई करते थे। असियुत के गवर्नर येहया केशक के मुताबिक घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राष्ट्रपति मुहम्मद मुर्सी ने अधिकारियों को पीड़ितों के परिवार को हर संभव सहायता मुहैया कराने का आदेश दिया है। प्रधानमंत्री हिशाम कांदिल और शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री ने भी मौके का जायजा लिया। परिवहन मंत्री रशद-अल-मेतिनी ने हादसे की जिम्मेदारी लेते हुए त्यागपत्र दे दिया है। मिस्र रेलवे प्राधिकरण के प्रमुख मुस्तफा केनावी ने भी त्यागपत्र दे दिया है।

error: Content is protected !!