बराड़ पर हमले मामले में तीसरा भारतीय मूल का शख्स आरोपित

लेफ्टिनेंट जनरल [सेवानिवृत्त] केएस बराड़ पर हमले के लिए ब्रिटिश पुलिस ने गुरुवार को एक और भारतीय मूल के शख्स को आरोपित किया। इस मामले में दो भारतीय मूल के लोगों को पहले ही आरोपित किया जा चुका है। बुधवार को इस मामले में एक महिला समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार करने की भी घोषणा की गई थी।

36 वर्षीय दिलबाग सिंह को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। उस पर बराड़ को गंभीर रूप से जख्मी करने का आरोप है। पुलिस ने कहा कि सिंह का कोई स्थायी पता नहीं है। दो अन्य संदिग्ध वूलवरहैंपटन के 33 वर्षीय बरजिंदर सिंह सांघा और बर्मिघम निवासी 34 वर्षीय मनदीप सिंह संधू पर पिछले महीने यही आरोप लगाया गया था। पुलिस ने बताया कि दोनों को सात दिसंबर को अगली सुनवाई के दौरान साउथवार्क क्राउन कोर्ट में पेश किया जाएगा। सांघा पर बराड़ की पत्‍‌नी मीना पर भी हमला करने का आरोप है।

पुलिस ने बुधवार को इस मामले में पश्चिमी लंदन से 36 वर्षीय एक शख्स और 55 वर्षीय महिला को गिरफ्तार करने की घोषणा की थी। महिला को हमलावर की सहायता करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया था, पर जमानत पर रिहा कर दिया गया है। निजी यात्रा पर लंदन गए 78 वर्षीय बराड़ पर गत 30 सितंबर को अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला किया था जब वह अपनी पत्‍‌नी के साथ होटल लौट रहे थे। उन्हें गले और गाल पर गंभीर चोटें आई थीं।

बराड़ ने 1984 में सिख उग्रवादियों के खिलाफ ऑपरेशन ब्लू स्टार का नेतृत्व किया था। उन्होंने हाल में ऑपरेशन ब्लू स्टार में मारे गए लोगों की याद में स्वर्ण मंदिर में स्मारक बनाए जाने का कड़ा विरोध किया था। हमले के बाद बराड़ ने कहा था कि ब्लू स्टार में उनकी भूमिका के लिए खालिस्तान समर्थकों ने उनकी हत्या का प्रयास किया था।

error: Content is protected !!