ओबामा के स्वागत समारोह में झलकी भारतीय संस्कृति

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारादूसरे कार्यकाल की शपथ लेने के बाद आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय संस्कृति की झलक साफ नजर आई। वहां मौजूद भारतीय मूल की अमेरिका महिलाएं जहां खूबसूरत साड़ी में लिपटी नजर आई वहीं पुरुष नेहरू जैकेट पहने। दरअसल, ओबामा केस्वागत समारोह में कई भारतीय-अमेरिकियों को आमंत्रित किया गया था।

ह्वाइट हाउस के सलाहकार और वरिष्ठ राजनीतिक रणनीतिकार टोबी चौधरी ने कहा कि भारतीय अमेरिकी समुदाय राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी ताकत के रूप में उभरा है। भले ही यह क्षेत्र राजनीतिक हो, सामाजिक या फिर प्रशासनिक। चौधरी उन चुनिंदा भारतीय अमेरिकियों में से थे जिन्हें समारोह में आमंत्रित किया गया था।

न्यायिक विभाग से ह्वाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी अरुण राव ने कहा कि ओबामा प्रशासन में समाज के विभिन्न वर्गो के लोगों का प्रतिनिधित्व है। उनकी पत्‍‌नी ने साड़ी पहन रखी थी। राव ने कहा कि ओबामा ने अन्य किसी भी राष्ट्रपति की तुलना में अपने प्रशासन में सर्वाधिक भारतीय अमेरिकियों को नियुक्त किया। प्रख्यात भारतीय मूल के शेफ केएन विनोद भी पत्‍‌नी के साथ समारोह में आए थे।

ओबामा प्रशासन के पहले कार्यकाल के दौरान ह्वाइट हाउस में कई बार रसोई संभाल चुके विनोद ने कहा कि ओबामा को भारतीय भोजन पसंद है। उन्होंने बताया कि समारोह में नेहरू जैकेट पहनकर जाए या कोई अन्य परिधान यह तय करने में उन्हें थोड़ा समय लगा।

..और साशा लेती रही जम्हाई

न्यूयॉर्क। दूसरे कार्यकाल की शपथ लेने के बाद भाषण दे रहे बराक ओबामा की ओर जहां लाखों लोगों की निगाहें टिकी थी, वहीं उनकी छोटी बिटिया साशा जम्हाई भरती नजर आ रही थी। उनकी यह फोटो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

11 वर्षीय साशा ओबामा के 20 मिनट तक चले भाषण के दौरान अपनी मां मिशेल और बड़ी बहन मालिया के साथ बैठी थीं। भाषण के दौरान दोनों बहनें तालियां भी बजा रही थीं। मगर जैसी ही ओबामा ने एक राष्ट्र के तौर पर आगे बढ़ने की महत्ता को रेखांकित किया साशा ने लंबी जम्हाई ली। जम्हाई लेते ही कैमरे साशा, मिशेल ओर घूम गए। ओबामा उस समय कह रहे थे, ‘भविष्य के लिए हमें अपने बच्चों को गणित और विज्ञान में प्रशिक्षित करना होगा। इसके लिए हमें रास्ते बनाने होंगे। शोध संस्थान स्थापित करने होंगे। इससे नई नौकरियों पैदा होंगी और व्यापार की संभावनाएं बढ़ेंगी।’ सोशल नेटवर्किंग साइट पर साशा की फोटो पर चुटकी लेते हुए एक ने लिखा,’डैड आप मुझे बोर कर रहे हैं।’

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने दूसरे कार्यकाल के लिए भी दो बार शपथ ली है। दरअसल, संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार उनको 20 जनवरी को शपथ लेना अनिवार्य था लेकिन उस दिन रविवार होने के कारण सार्वजनिक अवकाश था। लिहाजा एक संक्षिप्त समारोह में उन्होंने शपथ ली। सार्वजनिक रूप से उन्होंने सोमवार को दूसरी बार पद एवं गोपनीयता की शपथ ली :

दो बार शपथ :

इससे पहले 2009 में भी ओबामा ने दो बार शपथ ग्रहण की थी। दरअसल उनको शपथ दिलाने वाले चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स गलती से एक शब्द पढ़ना भूल गए थे। इसलिए उनके शपथ ग्रहण को अधूरा माना गया। विधिवत शपथ ग्रहण की रस्म अगले दिन दोहराई गई और चीफ जस्टिस ने उनको दोबारा शपथ दिलाई। इस प्रकार राष्ट्रपति फ्रेंकलिन डी रुजवेल्ट के बाद चार बार शपथ लेने वाले बराक ओबामा दूसरे राष्ट्रपति हो गए हैं। रुजवेल्ट चार बार (1932, 1936, 1940 और 1944) राष्ट्रपति रहे। उनके बाद राष्ट्रपति का कार्यकाल दो बार के लिए सीमित हो गया। रुजवेल्ट की 1945 में पद पर रहते हुए ही मृत्यु हो गई।

धार्मिक पुस्तक:

-इस बार बराक ओबामा ने बायें हाथ में दो बाइबिल लेकर शपथ ली। इनमें से एक राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की है और दूसरी, सिविल अधिकार नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर की है। मार्टिन लूथर की 1968 में हत्या कर दी गई थी

-उपराष्ट्रपति जो बिडेन ने शपथ ग्रहण में जिस बाइबिल का इस्तेमाल किया वह उनके परिवार के पास 120 वर्षो से सुरक्षित है।

रोचक घटनाएं:

-शपथ ग्रहण कार्यक्रम की अब तक की सबसे चर्चित घटना राष्ट्रपति ड्वाइट आइजनहावर के साथ जुड़ी है। वह जब 1953 में राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार औपचारिक रूप से परेड की सलामी ले रहे थे तो एक्टर मोंटी मोंटाना काउबॉय (पशुपालन करने वाले घुड़सवार) की ड्रेस पहनकर हाथ में रस्सी लेकर घुड़सवारी करते हुए आए और फंदा राष्ट्रपति के गले में डाल दिया। राष्ट्रपति असहज मुद्रा में मुस्कुराते रहे।

-लिंडन बी जॉनसन एकमात्र अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने 22 नवंबर, 1963 को विमान में शपथ ग्रहण की। दरअसल उसी दिन राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या हो गई थी।

एक नजर में:

-अमेरिकी इतिहास में यह सातवीं बार है जब आधिकारिक रूप से राष्ट्रपति

कार्यकाल की शुरुआत रविवार से हुई।

-पद ग्रहण के बाद सबसे लंबा शुरुआती भाषण राष्ट्रपति विलियम हेनरी हैरीसन ने

दिया। मार्च, 1841 में दिए गए उनके भाषण में 8,445 शब्द थे। एक महीने बाद न्यूमोनिया से उनकी मौत हो गई। सबसे छोटा महज 135 शब्द का भाषण 1793 में जॉर्ज वाशिंगटन का था

-काल्विन कॉलिज पहले राष्ट्रपति थे जिनका भाषण रेडियो पर प्रसारित हुआ। इसी तरह हैरी ट्रूमैन पहले राष्ट्रपति थे जिनका भाषण टीवी पर प्रसारित हुआ।

भारत-अमेरिका संबंध:

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पिछले दिनों कंबोडिया में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के दौरान खुद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से कहा कि उनके दूसरे कार्यकाल की योजना में भारत का बड़ा हिस्सा है। संभव है कि अपनी योजना को अंजाम देने के लिए वह भारत की दूसरी बार यात्रा कर सकते हैं।

error: Content is protected !!