चेतावनी के साथ समाप्त किया केजरीवाल ने धरना

arvindनई दिल्ली / दिल्‍ली पुलिस के चार अधिकारियों के निलंबन की मांग को लेकर सोमवार से धरने पर बैठे मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार रात धरना वापस ले लिया। उन्‍होंने बताया कि पहाड़गंज के पीसीआर इंचार्ज और मालवीय नगर के SHO को छुट्टी पर भेजा जाएगा।
केजरीवाल ने इस चेतावनी के साथ छत्तीस घण्टों से जारी अपना धरना खत्म कर दिया है कि अगर महिलाओं की सुरक्षा के साथ फिर खिलवाड़ किया जाता है तो वे संघर्ष करने में पीछे नहीं हटेंगे। दिल्ली की कड़कड़ाती सर्दी में सड़क पर मौजूद अरविन्द केजरीवाल के धरना खत्म करने के ऐलान के साथ ही संसद भवन परिसर पर केन्द्र और राज्य सरकार के बीच जारी गतिरोध खत्म हो गया है।
धरना खत्म करते हुए अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि दिल्ली सरकार ने दो पुलिस अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया है जबकि तीसरे मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने न्यायिक जांच की बात की थी जबकि हम चाहते थे कि जिन पुलिस अधिकारियों पर शक है उन्हें तत्काल अपने पद से हटाया जाए नहीं तो न्यायिक जांच ही नहीं हो सकती। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि उनके घोषणापत्र में कहा गया था कि वे महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखेंगे।
अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि भारत में यह पहली बार हुआ है कि कोई मुख्यमंत्री अपने ही राज्य में अपने मंत्रियों के साथ सड़क पर धरने पर बैठा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार कहती थी कि दिल्ली पुलिस हमारे हाथ में नहीं है इसलिए हम क्या कर सकते हैं। लेकिन हमने संघर्ष किया और आज हम कह सकते हैं कि दिल्ली के लोगों की जीत हुई है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यह जानकारी भी दी कि अभी अभी उपराज्यपाल महोदय ने एक अपील जारी करके कहा है कि गणतंत्र दिवस की गरिमा और राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर मैं अपना धरना खत्म कर दूं।

आप समर्थकों की पुलिस से झड़प, 15 घायल
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में रेल भवन के सामने दिल्ली सरकार के नेतृत्व में चल रहे आम आदमी पार्टी (आप) के धरना के दौरान प्रदर्शकारियों की पुलिस के साथ झड़प हो गई, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित कम से कम 15 लोग घायल हो गए। कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को यहां प्रदर्शन के दौरान पथराव किया। यह जानकारी पुलिस ने दी है।
लगभग 100 की संख्या में आप समर्थक बेरिकेडों को तोड़ते हुए जबरन रफी मार्ग में घुस गए और धरना स्थल की ओर बढ़ने लगे। उन्हें रोकने पर आप समर्थकों की पुलिस से झड़प हो गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आप समर्थकों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे मुखर्जीनगर थाने में पदस्थ एक कांस्टेबल दिनेश गुप्ता घायल हो गया। एक पत्थर उसकी आंख के पास जा लगा। उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त मुकेश कुमार मीणा ने आईएएनएस को बताया, “आप के कार्यकर्ता रुक-रुक कर पथराव कर रहे हैं। जरूरी हुआ तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।”
प्रदर्शन स्थल की ओर जाने का प्रयास कर रहे एक पत्रकार नरेंद्रनाथ मिश्र की पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से पिटाई कर दी।

error: Content is protected !!