भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया

Mahaveer_Janma_Kalyanak_1Mahaveer_Janma_Kalyanak_2Mahaveer_Janma_Kalyanak_3मुंबई। भगवान महावीर का 2614 वां जन्म कल्याणक धर्मोत्सव मुंबई में पूरे हर्षोल्लास एवं परंपरागत रीति रिवाज के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान महावीर के जन्मोत्सव के इस विशेष अवसर पर लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में दक्षिण मुंबई की एक सौ से भी ज्यादा धार्मिक संस्थाओं की पंद्रह सौ से भी ज्यादा महिला सदस्याओं ने धार्मिक गीत, संगीत, नृत्य एवं भक्ति की विशेष प्रस्तुतियां दीं। फाउंडेशन की अध्यक्ष मंजू लोढ़ा ने सभी का स्वागत किया।

विजय वल्लभ समुदाय की साध्वीश्री प्रीतिरत्ना श्रीजी, साध्वीश्री प्रीतिसुधा श्रीजी एवं साध्वीश्री प्रीतियशा श्रीजी के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न महिला मंडलों की सदस्याएं विशेष रूप से सजधज कर खास तौर से आई थीं। हर मंडल की महिलाएं अपने अलग परंपरागत परिधान में भारतीय कला, संस्कृति और धार्मिक परंपरा का प्रदर्शन कर रही थी। इन महिला मंडलों की तरफ से लाए गए धार्मिक कलश की श्रंगार प्रतियोगिता इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही। इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्ष मंजू लोढ़ा ने कहा कि दक्षिण मुंबई की हजारों महिलाओं ने यह साबित कर दिया कि आधुनिक और विकसित जैन समाज में धार्मिक संस्कार भी लगातार विकसित होते जा रहे हैं।

कफ परेड़, कोलाबा, फोर्ट, नरीमन पॉइंट, चर्चगेट, मरीन ड्राइव, कालबादेवी, ठाकुरद्वार,गिरगांव, सीपी टैंक, खेतवाड़ी, कमाठीपुरा, ऑपेरा हाउस, चौपाटी, ताड़देव, वालकेश्वर, मलबार हिल,भायखला, लालबाग, आदि इलाकों के एक सौ से अधिक महिला मंडलों की इन पंद्रह सौ से भी ज्यादा महिलाओं ने सुबह से लेकर देर शाम तक भक्ति का समां बांधे रखा। श्रीमती लोढ़ा द्वारा पिछले कई सालों से हर साल यह आयोजन किया जा रहा है।  इस आयोजन के लिए महिलाएं पिछले एक सप्ताह से तैयारियां कर रही थीं।

error: Content is protected !!