शाजिया इल्मी ने छोड दी आम आदमी पार्टी

Shazia_Ilmiआम आदमी पार्टी (आप) की संस्थापक सदस्यों में से एक शाजिया इल्मी ने पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से आज (शनिवार) इस्तीफा दे दिया है। शाजिया ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं होने के कारण इसे छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक अच्छा और कुशल व्यक्ति बताते हुये कहा कि पार्टी के कुछ लोगों ने उन्हें जकड़ रखा है। इल्मी ने तुरंत किसी पार्टी में शामिल होने से इंकार करते हुए कहा कि केजरीवाल को जेल-बेल के चक्कर में पड़ने की बजाय लोगों के बीच जाना चाहिए। उन्होंने केजरीवाल से आत्ममंथन करने का भी अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली के किसी लोकसभा क्षेत्र से टिकट नहीं दिया गया और गाजियाबाद से चुनाव लड़ाया गया। वह चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार वीके सिंह से चुनाव हार गई थीं। उन्होंने कहा कि वह आप की नीतियों से प्रभावित होकर इसमें शामिल हुई थीं, लेकिन इस पार्टी से कुछ गलतियां हुई हैं, जिसके कारण दुखी मन से वह पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं। इल्मी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन और आप के अपने मुद्दों से भटकने के कारण भी नाराज थीं। इससे पूर्व आप के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने इल्मी को मनाने का भरपूर प्रयास किया और कहा कि वह नाराज नहीं हैं। कुछ समस्यायें थीं उसका समाधान कर लिया गया है। इल्मी के आप से अलग होने पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन ने कहा कि जैसे-जैसे लोगों को आप की वास्तविकता का पता चलता जायेगा, वैसे-वैसे लोग उससे अलग होते जायेंगे। आप से मतभेदों को लेकर अलग हुए विनोद कुमार बिन्नी ने कहा था कि पार्टी में चार लोग हिटलरशाही चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनीष सिसोदिया के लोगों ने इल्मी को गाजियाबाद में परेशान किया था।

error: Content is protected !!