देश के अंदर जो परिणाम आये हैं वह इस बात को इंगित करते है कि भारत का लोकतंत्र पूर्ण परिपक्व हुआ है। पहली बार देश में विकास के मुद्दे पर चुनाव हुए है। देश की जनता ने जात-पात को पीछे छोड़कर विकास को ही मूल आधार बनाया है। जिस स्थान पर आज हम पहुंचे है उसमें भाजपा की कई पीढिय़ा खप गई है। उक्त विचार विदिशा के भाजपा नगर कार्यालय में 24 मई को आयोजित जन-जन अभिनंदन के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश में मिले इस प्रचण्ड बहुमत के बाद अब हमारी जिम्मेदारियां बढ़ गई है।
देश में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मान. शिवराज सिंह के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है जिसमें म.प्र. में २९ में से २७ सीटों पर विजय श्री मिली। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह के परिश्रम की पराकाष्ठा का यह परिणाम है। राज्य के परफार्मेन्स पर ही सब कुछ निर्भर है। देश में मोदी लहर होने के बाद भी हम पंजाब में इसलिए हारे कि वहां कि आम जनता सरकार के कार्यों से नाराज थी। पंजाब का युवा ड्रग्स की चपेट में था और सरकार मौन रही जिसका परिणाम हमें जेटली जैसे वरिष्ठ नेता की हार से भुगतना पड़ा। श्री सिंह ने कहा कि आम जनता ने हमें ऐतिहासिक जन समर्थन दिया है। इसलिए प्रदेश संगठन ने आम जनता का अभिनंदन करने के लिए जन-जन अभिनंदन कार्यक्रम संभाग स्तर पर मनाने की रूपरेखा तय की है। भोपाल और नर्मदा संभाग का सम्मेलन १ जून को शाम ६ बजे भोपाल में आयोजित किया जा रहा है। सभी भाजपा कार्यकर्ता मतदान केन्द्र तक जाकर इस आयोजन के लिए आमजन को आमंत्रित करें और कार्यक्रम में शिरकत करें।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विदिशा के विधायक कल्याणसिंह दांगी, जिलाध्यक्ष तोरन सिंह, वरिष्ठ नेता मुकेश टंडन, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बाबूलाल ताम्रकार, वीरसिंह, सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं जिले के भाजपा कार्यकर्ता उपस्थि थे।