मुंबई। देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की किसी भी सरकारी दफ्तर में लगनेवाली सबसे पहली अधिकारिक तस्वीर मुंबई महानगरपालिका के दफ्तर में लगेगी। श्री मोदी की इस तस्वीर के अनावरण समारोह का आयोजन महाराष्ट्र प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने किया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में श्री मोदी जैसे ही प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, मुंबई में ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान के पास स्थित महानगरपालिका के डी-वार्ड ऑफिस में इस तस्वीर का अनावरण होगा। दक्षिण मुंबई भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह में मुंबई के कई प्रतिष्ठित, समाजसेवी, बुद्धिजीवी, डॉक्टर, सीए. एडवोकेट्स, उद्योगपति, व्यवसायी एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोग इस समारोह में विशेष रूप से उपस्थित होंगे। मलबार हिल के विधायक लोढ़ा की संकल्पना के अनुसार लग रही श्री मोदी की यह तस्वीर देश के किसी भी सरकारी दफ्तर की पहली तस्वीर होगी। उधर श्री मोदी शपथ लेंगे, और इधर उनकी तस्वीर का अवानरण होगा। राष्ट्रपति भवन में होनेवाले श्री मोदी के शपथ ग्रहण को इस कार्यक्रम में लाइव प्रसारण दिखाने इस आयोजन में लाइव दिखाने के लिए विशाल एलईडी स्क्रीन की भी विशेष व्यवस्था की गई है। समारोह के आयोजक दक्षिण मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष सिद्धार्थ गमरे, प्रभाग समिति की अध्यक्ष ज्योत्सनाबेन मेहता, नगरसेविका सरिता पाटिल एवं मलबार हिल बीजेपी के अध्यक्ष सतीश देसाई इस कार्यक्रम को सफल बनाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।