उप्र में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में रविवार को केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के घर के बाहर भारतीय जनता पार्टी [भाजपा] और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर लाठीचार्ज किया।

कोयला ब्लॉक आवंटन के मुद्दे पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शहर के पोखरपुर स्थित जायसवाल के घर का घेराव कर उनका इस्तीफा मांगने पहुंचे थे। हाथों में काले झंडे लिए नारेबाजी कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की इस दौरान वहां पहले से मौजूद सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों पक्षों पर लाठीचार्ज किया।

घटना के बाद जायसवाल के घर के आस-पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कानपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक अमिताभ यश ने संवाददाताओं से कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उग्र प्रदर्शन के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

error: Content is protected !!