ग्रामीण नहीं होने देंगे नगर निगम सीमा विस्तार

aagra newsआगरा। ग्रामीण विकास संघर्ष समिति ने रविवार को नगर निगम के सीमा विस्तार के प्रस्ताव के विरोध में पश्चिमपुरी में बैठक की। इस मौके पर ग्रामीण विकास संघर्ष समिति के प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण विकास संघर्ष समिति ने नगर निगम के सीमा विस्तार के प्रस्ताव का पुरजोर विरोध किया।
बैठक को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास संघर्ष समिति के ब्रह्मानंद राजपूत ने कहा कि नगर निगम के सीमा विस्तार का प्रस्ताव ग्रामीण जनता के हित में नहीं है। वर्तमान में नगर निगम पर शहर की सफाई व पानी की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है न हीं उक्त क्षेत्र में नगर निगम कोई विकास कार्य कर पा रहा है। फिर भी पता नहीं वह 34 गांवों को नगर निगम की सीमा में विलय क्यों करना चाहता है। इससे गांवों की गरीब जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। जनप्रतिनिधियों के अधिकार भी समाप्त हो जाएंगे। जो कि असंवैधानिक होगा। उन्होंने कहा कि मेयर, नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों की एक कमेटी ने शहर की चारों दिशाओं में सीमा विस्तार के लिए निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार किए। उन्होंने कहा कि बिना ग्रामीणों कि राय लिए कोई भी व्यक्ति, नेता या अधिकारी कैसे तय कर सकता है कि किस गाँव को नगर निगम में रखा जाए और किसे नहीं। उन्होंने कहा कि इन लोगों से नगर निगम में अपने क्षेत्र का तो विकास हो नहीं पा रहा है। सभी जानते हैं कि जो गाँव पिछले नगर निगम सीमा विस्तार में शामिल किये गए थे उनकी हालात बदतर है। ब्रह्मानंद राजपूत ने कहा कि ग्रामीण विकास संघर्ष समिति जितने भी गाँव नगर निगम में शामिल किये जा रहे हैं, उनके साथ इस आंदोलन को धार देगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम को पहले शहरी क्षेत्र का विकास करना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान और जिला पंचायत विकास करने के लिए काफी है। ब्रह्मानंद राजपूत ने कहा कि सरकार को नगर निगम का प्रस्ताव निरस्त कर देना चाहिए क्योंकि प्रशासन को कोई भी फैंसला जिला पंचायत और सभी ग्रामवासियों से राय लेकर करना चाहिए।
डाॅ. सुनील राजपूत ने कहा कि आज प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम बनाने की मुहिम देश में चला रहे हैं जबकि नगर निगम आगरा गांव का अस्तित्व ही खत्म करने पर तुला हुआ है। सरकार को नगर निगम के प्रस्ताव को निरस्त कर देना चाहिए।
इस मौके पर नीरज राजपूत (प्रधान), महेश लोधी, विष्णु मुखिया, डाॅ. ऊदल सिंह, अजय, प्रेमराज लोधी, योगेश, थानसिंह, भीमसेन लोधी, गौरव राजपूत, मुकेश लोधी, रामबाबू, निनुआ खान, सतीश राजपूत, मुकेश राजपूत, सुनील लोधी, वीरेन्द्र राजपूत, छोटू लोधी, चोबसिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!