बिहार और यूपी में महिलाओं पर ये कैसा जुल्म

बिहार के पूर्णिया जिले में जमीन हड़पने की नीयत से चार बच्चों की मा पर अवैध संबंध का आरोप लगा सरेआम उसके बाल काटे गए। रातभर उसे गांव के ही एक पुरुष के साथ बंधक बनाकर पीटा गया। उसे अ‌र्द्धनग्न किया गया। यह सब पंचायत प्रतिनिधियों के सामने हुआ। मामले में पुरुष से 25 हजार रुपये आर्थिक जुर्माना भी वसूला गया। दोनों को घटना की चर्चा गांव से बाहर न करने की धमकी भी दी गई।

महिला की गुहार पुलिस ने भी नहीं सुनी तो उसने सोमवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आवेदन दिया। आवेदन में बायसी थाना क्षेत्र की पीड़ित ने कहा है कि उसका पति सूरत में मजदूरी करता है। गांव के 15 लोग उसकी जमीन हड़पने के लिए षड्यंत्र रचते रहे हैं। गांव के दिनेश यादव द्वारा उसका पक्ष लिए जाने पर विपक्षी उससे भी नाराज थे।

बीते सात अक्टूबर की शाम पीड़ित अपने बच्चों को खाना खिला रही थी। दिनेश उसके पास बैठा था। उसी समय विपक्षियों ने घर के बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। लोगों को एकत्र कर दिनेश व महिला को प्रताड़ित किया। महिला ने आरोप लगाया कि लोगों का इससे भी मन नहीं भरा तो उन्होंने उसके बाल कतरे और अ‌र्द्धनग्न कर दिया।

अब मामला कोर्ट में पहुंचा है तो पूर्णिया के एसपी ने बायसी थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।

उप्र में सरेआम महिला को निर्वस्त्र कर पीटा

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिला स्थित दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के सलेमपुर मुहल्ले में सोमवार की शाम एक परिवार के कुछ लोगों ने चोरी का आरोप लगाते हुए एक महिला और उसकी सास की जमकर पिटाई कर दी। महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधा गया और लोग तमाशा देखते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को किसी तरह मुक्त कराया और मामला दर्ज किया। कोइरीपुरा निवासी दूधनाथ की मां गुजराती देवी का आरोप है कि कुछ माह पूर्व एक स्थानीय महिला ने उसके घर से गहने चुरा लिए थे। सोमवार शाम वह महिला अपनी सास के साथ कहीं से आ रही थी कि दूधनाथ के परिवार के लोगों दोनों को पकड़ पर प्रताड़ित किया।

error: Content is protected !!