सेना पर राहुल गांधी व कांग्रेस के दुष्प्रचार पर भड़की भाजपा

… तो कांग्रेस 400 से अब 40 के बाद अगली बार 4 पर सिमट जाएगी
मुंबई। राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा सेना के मामलों में झूठी टिप्पणियां किए जाने से भाजपा भड़की हुई है। भाजपा ने कहा है कि सैन्य बलों पर इसी तरह से अनर्गल प्रलाप करती रही, तो कांग्रेस 400 से 40 के आसपास तो आ गई है, अगली बार 4 पर ही सिमट जाएगी। भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी द्वारा सैन्य बलों की योग्यता पर सवाल किए जाने पर चेतावनी देते हुए कहा है कि यह कांग्रेस के खात्मे की शुरूआत है। पाटिल ने राहुल गांधी द्वारा सैन्य बलों की योग्यता पर सवाल उठाने व रक्षा मंत्रालय के बारे में झूठ फैलाने की कड़ी आलोचना की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सोमवार को चेन्नई में सेना को सौंपे गए स्वदेशी हाईटेक अर्जुन टैंक सेना हंटर किलर माने जाते है, और रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के प्रधानमंत्री के प्रयास लगतार सफल हो रहे हैं। महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने एक बयान में कहा है कि इस तथ्य के बावजूद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बार-बार रक्षा विभाग की योग्यता पर सवाल उठा रहे हैं, जिसे सहन नहीं किया जा सकता। पाटिल ने देश के रक्षा विभाग को अकारण बदनाम करने पर राहुल गांधी की तीखी आलोचना की है। उल्लेखनीय है कि चैन्नई में पिछले सप्ताह ही प्रधानमंत्री ने देश की रक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत व लगातार सक्षम बनाने की दिशा में स्वदेशी हाईटेक अर्जुन टैंक सेना को सौंपे हैं। अर्जुन एमके 1-ए का निर्माण कॉम्बैट डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) कॉम्बैट व्हीकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट द्वारा किया गया है।

सन 2018 में भी, राहुल गांधी ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के कर्मचारियों से बातचीत में प्रधानमंत्री के बारे में भ्रम फैलाते हुए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की थी। पाटिल ने अपने बयान में कहा है कि राहुल ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी एचएएल जैसी कंपनी की उत्पादन क्षमता कम कर रहे हैं। पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान देश के रक्षा क्षेत्र की जानबूझकर बदनामी का एक निंदनीय हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 2019 में, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा को बताया था कि केंद्र ने रक्षा उत्पादों के निर्माण के लिए एचएएल के साथ 1 लाख करोड़ रुपये का अनुबंध किया। फिर भी, राहुल गांधी और कांग्रेस ने जनता को गलत जानकारी देकर देश के रक्षा क्षेत्र को बदनाम करने का प्रयास किया। भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने यह भी याद दिलाया कि रक्षा विभाग ने मीडिया के माध्यम से अनुबंध से संबंधित सभी आधिकारिक दस्तावेजों को उजागर किया था और राहुल गांधी के झूठ को भी उजागर किया था।फिर भी राहुल बाज नहीं आ रहे हैं। इसीलिए पाटिल ने कांग्रेस व राहुल गांधी को चेतावनी देते हुए कहा है कि कांग्रेस व उसके नेता अगर सैन्य बलों को बदनाम करनेवाली इस तरह की टिप्पणियां करते रहे, तो अगले आम चुनाव में कांग्रेस केवल 4 सीटों पर सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के जमाने में कांग्रेस 400 पर थी, लेकिन अब 40 पर आ चुकी है, अगली बार 4 पर ही सिमट जाएगी

error: Content is protected !!