असुरक्षित नारी, फिर लुटी चार की आबरू

दिल्ली गैंगरेप की पीड़िता की मौत व पटियाला में रेप की शिकार युवती की खुदुकशी से जहां देशवासियों में रोष है, वहीं अमृतसर में दो तथा बठिंडा में दो रेप की घटना ने पंजाब को शर्मसार कर दिया है। बठिंडा में रेप का जो मामला सामने आया है उसमें पति के साथी ने ही अपने रिश्तेदारों से मिल कर महिला से रेप किया।

पुलिस के मुताबिक मौड़ खुर्द निवासी पीड़िता ने आरोप लगाया कि 20 अक्टूबर को वह माइसरखाना में मेला देखने गई थी। वहां से उसके पति के साथ मिलकर गाय-भैंस को बेचने का धंधा करने वाला लीला सिंह जबरदस्ती उसे अज्ञात स्थान पर ले गया। यहां पर लीला सिंह का साला व उसके साले का लड़का पहले से ही मौजूद थे। तीनों ने उसके साथ रेप किया। यही नहीं, किसी को इस संबंध में बताने पर जान से मार देने की धमकी भी दी। डर के मारे वह चुप रही। कुछ दिन पहले उसने हिम्मत जुटा घटना के बारे में अपने पति को बताया और मामले की शिकायत थाना मौड़ पुलिस से की। पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों पर गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया। एएसआई का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हैं।

अमृतसर देहाती पुलिस ने एक ही दिन में रेप के दो मामले दर्ज किए हैं। इनमें पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है।

गांव लक्खूवाल निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि थाना अजनाला में तैनात हेड कांस्टेबल कुलविंदर सिंह पुलिस में भर्ती के लिए इंटरव्यू का संदेश देने उनके घर आया। उसने उनके माता-पिता से कहा कि उसकी भर्ती बोर्ड के अधिकारी से सीधी बात है। वह उनकी बेटी को भर्ती करवा देगा। वे लोग उसके झांसे में आ गए। उसके बाद हेड कांस्टेबल की पत्नी रंजीत कौर ने उसे फोन करके इंटरव्यू के बहाने अपने घर बुलाया। 24 अक्टूबर को जब वह आरोपी के घर पहुंची तो हेड कांस्टेबल की पत्नी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, इसके बाद वह बेहोश हो गई। वहां पर मौजूद गुरचरण सिंह निवासी अजनाला ने बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी उसे चंडीगढ़ ले गए और एक गुरुद्वारे में गुरचरण सिंह से उसकी शादी करवा दी। 28 अक्टूबर को उसे वापस अजनाला ले आए। एक दिन में वह घर में अकेली थी तो हेड कांस्टेबल कुलविंदर सिंह उनके घर आया और उसके साथ रेप किया। उसने बीस दिसंबर को आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने शनिवार को थाना अजनाला में आरोपी हेड कांस्टेबल कुलविंदर सिंह, उसकी पत्नी हरदीप कौर और गुरचरण सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

एक अन्य घटना में, गांव भिंडी सैदा निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि दो महीने पहले उसकी शादी हुई थी। 23 दिसंबर को वह अपने मायके आई। रात नौ बजे गांव के ही मंजीत सिंह और जसपाल सिंह ने घर के पास से उठा कर गांव से बाहर सुनसान जगह पर ले गए और रेप किया। उसके बाद आरोपी उसे कई जगह ले गए और लगातार रेप करते रहे। 27 दिसंबर को उसे आरोपियों ने वापस उसके घर के निकट छोड़ दिया और फरार हो गए। घर वापस लौट कर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और थाने में केस दर्ज कराया। मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

error: Content is protected !!