तिहाड़ में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की सुरक्षा बढ़ी

सामूहिक दुष्कर्म मामले में शनिवार सुबह पीड़िता की मौत के बाद तिहाड़ जेल प्रशासन ने सभी आरोपियों की सुरक्षा बढ़ा दी। हालांकि इन आरोपियों को पहले से ही हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा गया है। बावजूद इसके आरोपियों पर नजर रखने के लिए वार्डनों की संख्या बढ़ा दी गई है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों को वार्ड के अंदर ही नाश्ता और भोजन दिया जा रहा है, ताकि उनके साथ कोई अनहोनी न हो।

सुबह से ही पीड़िता की मौत की जेल में चर्चा हो रही थी। पता चलने पर आरोपियों के चेहरों पर डर के भाव देखे गए। आरोपियों द्वारा किए गए जघन्य अपराध को लेकर जेल में भी रोष व्याप्त है। जेल के अंदर आरोपियों को गालियां दी जा रही हैं। दो आरोपियों की पिटाई भी की जा चुकी है। बता दें कि तिहाड़ जेल संख्या तीन में राम सिंह, जेल संख्या सात में पवन गुप्ता व विनय कुमार, जेल संख्या चार में अक्षय ठाकुर व मुकेश कुमार बंद हैं।

तिहाड़ जेल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने बताया कि सभी कैदियों पर पूरी नजर रखी जा रही है।

error: Content is protected !!