रांची में छेड़छाड़ के विरोध पर हुड़दंगियों ने की हत्या

दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म पर फैले आक्रोश के बीच मंगलवार देर शाम रांची के बरियातू में घर में घुसकर महिला के साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। 40-50 की संख्या में नशे में धुत उपद्रवियों ने पूरे मोहल्ले में तांडव किया। इन लोगों ने एक व्यक्ति को इतना पीटा कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अन्य की हालत नाजुक है, जबकि मोहल्ले के एक दर्जन लोग घायल हैं। शाम में ही घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस मौके पर दो घंटे बाद पहुंची। बुधवार को दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

मंगलवार को नए वर्ष पर रिम्स परिसर में पिकनिक मना रहे करीब 40 युवकों ने बगल के मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया। बरियातू थाना क्षेत्र के सहजानंद नगर में एक महिला के घर में घुसकर छेड़खानी की कोशिश भी की गई। विरोध करने पर उपद्रवियों ने महिला की पिटाई भी की। उपद्रवी इतने से नहीं माने और महिला को उठाकर घर से ले जाने लगे।

महिला और उसके तीन बच्चों की शोर सुनकर पड़ोस के कुछ लोगों ने विरोध जताया। विरोध होता देख उपद्रवियों ने मोहल्ले के लोगों पर डंडा, रॉड और तलवार से हमला कर दिया। पिटाई से श्रीकांत भारद्वाज और ओमप्रकाश पांडेय बुरी तरह से घायल हो गए। घायल श्रीकांत भारद्वाज की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। भारद्वाज मूल रूप से गया के रहनेवाले थे। फिलहाल वह बरियातू हाउसिंग कॉलोनी में रह रहे थे। पीड़ित महिला के मुताबिक शाम सवा चार बजे के करीब उनके घर में तकरीबन आठ लोगों के घुसने पर उन्होंने शोर मचाया था।

error: Content is protected !!