नाबालिग आरोपी की मां ने कहा, बेटा गुनहगार तो मिले कड़ी सजा

चलती बस में गैंगरेप के भेंट चढ़ी 23 साल की युवती के साथ सामूहिक बलात्कार करने वाले छह आरोपियों में से नाबालिग आरोपी की मां ने कहा कि भले ही उनका बेटा हेल्पर होने के कारण बस में हुए गुनाह का हिस्सेदार था लेकिन उसने इससे पहले कोई गुनाह नहीं किया है। वह एक आम इन्सान था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके बेटे का गुनाह साबित होता है तो उसे कड़ा दंड दिए जाना चाहिए।

सामूहिक दुष्कर्म मामले की तहकीकात करने के लिए जब दिल्ली पुलिस आरोपी के परिवार वालों से मिली तब उन्हें यह जानकारी मिली। पुलिस ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बाकायदा आदेश करवाकर उस विद्यालय की उपस्थिति पंजिका हासिल की, जिसमें आरोपी किशोर पढ़ता था। विद्यालय रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी किशोर की उम्र 17 साल आठ महीने है। पुलिस विद्यालय का रजिस्टर अपने साथ ले गई।

सामूहिक दुष्कर्म के छह आरोपियों में से एक किशोर थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर नगला का है। दस दिन पूर्व दिल्ली पुलिस ने गांव से किशोर की उम्र की जानकारी ली थी। आरोपी की उम्र रजिस्टर के अनुसार सत्रह साल आठ माह है। गांव के प्राथमिक विद्यालय पर तैनात शिक्षक ने उपस्थिति रजिस्टर उपलब्ध करा दिया। लोगों का कहना है कि सभी आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

आरोपियों को दोबारा रिमांड पर लेगी पुलिस

वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म मामले के आरोपियों को पुलिस दोबारा रिमांड पर ले सकती है। अधिकारियों की मानें तो 16 दिसंबर 2012 की रात फिजियोथेरेपिस्ट युवती के साथ हुई घटना से पूर्व सभी छह आरोपियों ने रामाधार सिंह नामक फल विक्त्रेता के साथ लूटपाट की थी। इस संबंध में पुलिस पहले ही मामला दर्ज कर चुकी है। इस मामले में भी आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरकेपुरम में फलों की रेहड़ी लगाने वाला रामाधार संगम विहार में रहता है। वारदात वाले दिन वह अपने घर जाने के लिए निकला था। बस का इंतजार कर रहे रामाधार को राम सिंह व उसके साथियों ने बस में बिठा लिया था। थोड़ी दूर जाते ही आरोपियों ने रामाधार सिंह को धमकाते हुए पर्स व मोबाइल लूट लिए थे। पर्स में सात हजार रुपये थे।

इसके बाद आरोपी रात करीब 9 बजे उसे आइआइटी के पास उतार कर मुनीरका की तरफ आ गए। जहां द्वारका छोड़ने का झांसा देकर आरोपियों ने फिजियोथेरेपिस्ट व उसके दोस्त को बिठा लिया और रास्ते में युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस सामूहिक दुष्कर्म मामले में कोर्ट में चार्जशीट पेश कर चुकी है। इस मामले में आरोपियों की शिनाख्त परेड की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। लेकिन अब रामाधार मामले में भी चार्जशीट जल्दी पेश करने की तैयारी है। अधिकारियों के अनुसार रामाधार से लूटपाट में राम सिंह, मुकेश सिंह, पवन उर्फ कालू, विनय, अक्षय ठाकुर तथा एक नाबालिग आरोपी है।

error: Content is protected !!