स्थानीय सागरपुर थानाक्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला प्रकाश में आया है। जूनियर बेसिक ट्रेंड [जेबीटी] छात्र अशोक कुमार [24] की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसकी गलती सिर्फ इतनी थी कि ऊंची जाति की लड़की से प्रेम विवाह कर लिया था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आला अधिकारी कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अशोक ने तीन साल पहले ऊंची जाति व अपने से उम्रदराज लड़की से प्रेम विवाह किया था। दोनों सागरपुर इलाके में किराये के मकान में रहने लगे। दोनों के परिवार वाले शादी से नाखुश थे। अशोक की पत्नी सीमा [28] के घर वाले ज्यादा नाराज थे। उन लोगो ने कुछ बदमाशों की मदद से 16 जनवरी को अशोक को पालम रेलवे लाइन के किनारे गोली मार दी। उस वक्त अशोक पत्नी सीमा को उसके कार्यालय छोड़कर आ रहा था, क्योंकि सीमा पैर से विकलांग है। सीमा पालम स्थित सीओडी विभाग में सरकारी नौकरी करती है, जबकि अशोक मेरठ से जेबीटी की परीक्षा दे रहा था। उसकी फरवरी में शिक्षक के पद पर नियुक्ति होने वाली थी।