दुर्गापुर। युवाओं में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी सृजनात्मक लेखन प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच द्वारा विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी पश्चिम बंगाल राज्य स्तरीय युवा सृजनात्मक हिंदी लेखन प्रतियोगिता – 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल में निवासरत, अध्ययनरत अथवा कार्यरत 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता गद्य एवं पद्य, दो विधाओं में आयोजित होगी। प्रतिभागी किसी एक विधा में अधिकतम दो स्वरचित एवं अन्यत्र अप्रकाशित रचनाएँ भेज सकते हैं।
रचना भेजने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को अपनी रचनाओं के साथ मौलिकता एवं अप्रकाशित होने संबंधी स्वहस्ताक्षरित घोषणा-पत्र तथा अपना नाम, पिता का नाम, आयु, पूरा पता, शिक्षण संस्थान अथवा कार्यस्थल का विवरण, आधार कार्ड की प्रतिलिपि, व्हाट्सऐप नंबर एवं ई-मेल आईडी भेजना अनिवार्य होगा।
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियाँ ई-मेल [email protected] अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9832112002, 9083620340 एवं 9002715964 पर भेज सकते हैं।
प्रतियोगिता का परिणाम दिसंबर के प्रथम सप्ताह में घोषित किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मंच के वार्षिकोत्सव समारोह में प्रदान किए जाएँगे। प्रतियोगिता की विस्तृत नियमावली मंच द्वारा जारी की गई है।
मंच के समन्वयक ने पश्चिम बंगाल के युवा साहित्यकारों एवं हिंदी अनुरागियों से इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।